Advertisement

करमपदा गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में शोक

प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरू थाना क्षेत्र के करमपदा गांव में बीते 11 मार्च की रात एक दर्दनाक घटना सामने आयी है, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

मृतक की पहचान करमपदा रहिवासी पावल पूर्ति के लगभग 22 वर्षीय पुत्र दीपक पूर्ति के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक दीपक पूर्ति अपनी पत्नी के साथ करमपदा गांव स्थित रेलवे के एक पुराने भवन में रह रहा था। रात्रि में किसी समय उसने पत्नी की साड़ी के सहारे फंदा बनाकर उसी भवन के अंदर फांसी लगा ली।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ बच्चे खेलते हुए घर के पास पहुंचे और खिड़की से अंदर देखा तो दीपक को फंदे से लटका पाया। यह दृश्य देखकर बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के रहिवासी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण घर के अंदर पहुंचे और दीपक को फंदे से उतारकर बचाने की कोशिश की। रहिवासियों ने प्राथमिक उपचार देने का भी प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

ग्रामीण सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आ रही है कि दीपक और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या है, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है। घटना के बाद करमपदा गांव में शोक का माहौल है। एक युवा की इस तरह अचानक मौत से रहिवासी स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *