प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में माराफारी थाना क्षेत्र के बांसगोड़ा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर 23 जनवरी की संध्या लगभग 4 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में झरिया रहिवासी मंटू विश्वकर्मा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मंटू बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गया। जिससे कुचलकर उसकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीर सन्न रह गए। मृतक के पिता योगेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि वे अपनी बेटी के लिए लड़का देखने झरिया से बांसगोड़ा जा रहे थे। दो बाइक पर चार जन सवार थे। मंटू दूसरी बाइक से पीछे चल रहा था, तभी बांसगोड़ा के समीप ट्रक ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर माराफारी थाना प्रभारी आजाद खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि ट्रक मालिक को बुलाया गया है और पीड़ित परिवार से मुआवजे को लेकर बातचीत की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
![]()













Leave a Reply