Advertisement

नवनिर्मित 108 फिट ऊंची श्रीमारुति हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर यज्ञ

हनुमान मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव सह त्रिदिवसीय श्रीराम दरबार प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ शुरु

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में मुजफ्फरपुर-हाजीपुर नेशनल हाईवे और हाजीपुर-महुआ राजकीय मार्ग के दोराहा महावीर चौक स्थित नवनिर्मित 108 फिट ऊंची श्रीमारुति हनुमान मंदिर परिसर में 3 जून को कलश यात्रा के साथ तीन दिवसीय मारुति हनुमान मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव सह रामजानकी दरबार प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ प्रारंभ हो गया।

ज्ञात हो कि उक्त सड़क मार्ग से गुजरने वाले मुजफ्फरपुर और नेपाल तथा समस्तीपुर और दरभंगा की ओर जाने वाले यात्रियों का मन स्वतः ही मारुति हनुमान मंदिर की भव्यता और सजावट देखकर मन मोह ले रहा है। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तीन दिवसीय वैदिक महायज्ञ 3 जून से शुरू होकर आगामी 5 जून तक चलेगा। बताया जाता है कि 5 जून को महा आरती और भंडारे के साथ मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए लोकार्पित होगा।

मंदिर के महंत राघवेन्द्र दासजी महाराज ने एक भेंट में बताया कि श्रीमारुति हनुमानजी के 108 फीट ऊंचे विराट नवनिर्मित मंदिर की भव्य प्रतिष्ठा तथा भगवान श्रीराम, माता सीता, भ्राता लक्ष्मण एवं श्रीराम भक्त पवनपुत्र हनुमानजी के विग्रहों की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सभी भक्तों का सहयोग मिला है।उन्होंने बताया कि महायज्ञ 3 जून से कलश शोभा यात्रा, मंडप प्रवेश, पंचांग पूजन एवं अरणी मंथन से शुरू हुआ, जबकि 4 जून को वेदी पूजन अन्य कार्यक्रम एवं 5 जून को प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति, महाआरती आदि कार्यक्रम रखा गया है।

श्रीमारुति हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि सह हिंदू पुत्र संगठन के संस्थापक और संरक्षक ने बताया कि इस महायज्ञ में देश और विदेश के 84 मठों के संतो को न्योता दिया गया है। उन्होंने बताया कि आज अयोध्या धाम से बहुत से नागा साधु संत पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दासजी सहित तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और नेपाल के संतों का भी आगमन होगा और 5 जून गंगा दशहरा को संतों की उपस्थिति में भारत के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय इस भव्य मंदिर का आम जनता के लिए लोकार्पण करेंगे।

इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। ज्ञात हो कि, उक्त मंदिर परिसर में 50000 श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। संध्या 5 बजे महा आरती के साथ ही भंडारे का भव्य आयोजन किया गया है। राजीव ब्रह्मर्षी ने बताया कि यह दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर है, जो बिहार का इकलौता दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर है। इस महायज्ञ के आयोजन में जिले के समाजसेवी और हिंदू पुत्र संगठन के सेवक जी-जान से लगे हुए हैं। कहा कि उक्त मंदिर अपनी भव्यता के लिए दर्शनीय है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *