Advertisement

सीएम नीतीश के जन्मदिन पर बिहार की प्रगति का कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

सोनपुर को बनाना है राजद मुक्त विधानसभा-आचार्य डॉ राहुल परमार

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित पर्यटन विभाग के प्रांगण में एक मार्च को जनता दल यूनाइटेड कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 75वां जन्मदिवस 75 पौंड का केक काट कर मनाया।

सर्वप्रथम प्रातःकालीन बेला में जन्मोत्सव की शुरुआत बाबा हरिहरनाथ मंदिर में आचार्यों द्वारा मंत्रोचारण कर 108 नदियों के जल एवं दूध से रुद्राभिषेक के साथ किया गया। 108 नदियों का जल मुंबई इस्कॉन से मंगाया गया था।

जानकारी के अनुसार रुद्राभिषेक में जदयू के बिहार प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, प्रदेश सचिव सह विधानसभा प्रभारी सोनपुर आचार्य डॉ राहुल परमार एवं सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लंबी आयु की प्रार्थना की। पार्टी कार्यालय के समीप तथा पर्यटन स्थल कार्यालय प्रांगण में सुंदरकांड का पाठ किया गया।

यहां 75 हवन कुंड बनाए गए थे, जिसमें हवन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुष जदयू कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को वर्ष 2025-30 में पुनः मुख्यमंत्री बनने का एवं उनके स्वस्थ रहने की प्रार्थना की।

राजद मुक्त सोनपुर विधानसभा का संकल्प-डॉ आचार्य राहुल परमार

कार्यक्रम के आयोजनकर्ता जदयू के प्रांतीय सचिव एवं सोनपुर विधानसभा प्रभारी डॉ आचार्य राहुल परमार ने आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सोनपुर को राजद मुक्त विधानसभा बनाना है और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को और आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के दिशा निर्देश पर बिहार के चतुर्दिक विकास में सीएम नीतीश सबसे आगे हैं। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देश के अनुसार बिहार में विकास इस तरह से दिखाई दे रहा है जो राजद काल में भी नहीं हुआ था।

पूर्व मंत्री चंद्रिका राय ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्य प्रणाली से पूरे बिहार की जनता खुशहाल है। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश के पुत्र निशांत कुमार अगर राजनीति में आना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि पढ़े लिखे अगर राजनीति में आएंगे तो राज्य और देश विकास की ओर बढ़ेगा। आज तो नौवां फेल भी राजनीतिक कर रहे हैं। जदयू के वरिष्ठ नेता बैजनाथ प्रसाद विकल ने कहा कि नीतीश के लगातार प्रयास से बिहार में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला है।

अपराधियों पर अंकुश लगी है। बिहार की जनता फिर उस जंगल राज की ओर देखना नहीं चाहती है। जदयू सारण जिलाध्यक्ष आफताब आलम उर्फ राजू ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन पहली बार सारण की धरती पर धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। यह ऐतिहासिक पल यहां की जनता के लिए है। उन्होंने भी सोनपुर को राजद मुक्त विधानसभा बनाने की बात कही।

पूर्व मंत्री गौतम सिंह ने बिहार के विकास के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए उनके जन्मदिवस पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। जदयू महिला प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कुसुम देवी ने कहा कि नीतीश सरकार में महिलाओं को आरक्षण मिला। आज महिलाऐं खुले बाजार भयमुक्त होकर अपना काम कर रही हैं।

चौक-चौराहे पर पुलिस सुरक्षा के लिए तैनात हैं। महिलाओं के लिए यह एक सामाजिक बदलाव देखा जा रहा है। जिला महासचिव शंकर मालाकार ने मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में बहुत बड़ा बदलाव आया है। बिहार में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने नारा दिया कि बिहार में अबकी बार फिर नीतीश कुमार।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनपुर प्रखंड अध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद भारती जबकि संचालन भगवान दास ने किया। मौके पर वरीय जदयू नेता अजीत ठाकुर, नंदकिशोर राय, मनोज कुमार, आनंद किशोर सिंह, जिला महासचिव व सरपंच शंकर कुमार मालाकार, प्रखंड अध्यक्ष नीतीश कुमार पटेल, संजय सिंह, मनोज सिंह, अजय सिंह, अनिल सिंह, सचिंद्र सिंह, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष कुसुम देवी, नेत्री बसंती देवी, प्रियदर्शी चौरसिया, वीरेंद्र साहनी, दिनेश साहनी, सत्येंद्र राम, कामेश्वर सिंह, सुधीर कुमार सिंह, मनोज कुमार महतो, शैलेंद्र सिंह, सिद्धेश्वर शर्मा एवं हजारों की संख्या में रहिवासी उपस्थित रहे। उपस्थित सभी सम्मानित महिलाएं, जीविका दीदी आदि ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनायें दी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *