एसडीओ, सीटीपीएस प्रबंधन एवं यूनियन नेताओं के बीच त्रीपक्षीय वार्ता सफल
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बीते 24 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर बोकारो जिला के हद में डीवीसी के सीटीपीएस चंद्रपुरा मुख्य गेट पर यूनाइटेड कोल वर्कस यूनियन के बैनर तले फैक्ट्री गेट जाम कर धरना पर बैठे मजदूरों का जिला उपायुक्त के निर्देश पर 27 जुलाई को वार्ता की गयी। लगभग 5 घंटे चली त्रिपक्षीय बैठक के बाद गेट जाम आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की गयी।

आयोजित त्रिपक्षीय वार्ता में जिला प्रशासन की ओर से बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) मुकेश मछुआ, चंद्रपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ईश्वर दयाल, अंचलाधिकारी (सीओ) एन के वर्मा, सीटीपीएस प्रबंधन की ओर से वरीय महाप्रबंधक एचओपी वी एन शर्मा, वरीय महाप्रबंधक डी सी पांडेय एवं यूनियन के प्रतिनिधिगण आदि शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार उक्त वार्ता के दौरान मजदूर यूनियन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों और मांगों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सभी मांगों पर संवेदनशील रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि यूनियन द्वारा प्रस्तुत जायज बिंदुओं को आगामी 4 अगस्त को धनबाद में प्रस्तावित डीसीएलसी की बैठक में विधिवत रूप से प्रबंधन की ओर से रखा जाएगा। इसके बाद गेट जाम आंदोलन तत्काल स्थगित करने की घोषणा की गयी।
ज्ञात हो कि, यूनियन द्वारा गेट जाम के कारण प्लांट परिसर के अंदर फंसे सभी कर्मियों को जिला प्रशासन एवं प्रबंधन के सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे उन्हें राहत मिली। वहीं, अन्य शिफ्ट के कर्मचारियों का प्रवेश भी सुनिश्चित किया गया। गेट जाम आंदोलन के कारण प्लांट संचालन बाधित होने से जिले में विद्युत आपूर्ति में अस्थायी बाधा उत्पन्न हो रही थी। अब बिजली आपूर्ति पूर्ववत बहाल कर दी गई है।

इस मामले में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा है कि श्रमिक हितों की रक्षा एवं प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए समाधान निकालना प्रशासन की प्राथमिकता है। कहा कि सभी स्तर पर शांतिपूर्ण वार्ता एवं पारदर्शी संवाद को प्राथमिकता दी जाएगी। श्रमिकों की मांग को लेकर जिला प्रशासन का सकारात्मक रूख है।
![]()













Leave a Reply