केंद्र की भाजपा सरकार महिलाओं को ठगने का करती है काम-शिल्पी नेहा तिर्की
एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। आरक्षण विधेयक, महिला सुरक्षा आदि विषयों को लेकर राजभवन पर झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुई।
महिला आरक्षण विधेयक, महिला सुरक्षा, ओबीसी महिलाओं को आरक्षण सहित अन्य मुद्दों पर आयोजित धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि महिला अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर केंद्र की बीजेपी सरकार सिर्फ ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वोट की राजनीति के लिए केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण के नाम पर झुनझुना पकड़ा दिया।
देश की महिलाओं को इसका लाभ लेने के लिए लंबा इंतजार करना होगा। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के सर्वप्रिय राहुल गांधी द्वारा की गई घोषणा धरातल पर नजर आती है। कहा कि तेलंगाना में ओबीसी आरक्षण और झारखंड में कांग्रेस द्वारा मंत्रीमंडल में महिलाओं को 50 प्रतिशत अधिकार इस बात का प्रमाण है कि कांग्रेस जो कहती है वह करके दिखाती है।
मंत्री तिर्की ने कहा कि महिलाओं के हक, अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। महिलाओं को एकजुट होकर अपनी लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाना होगा। राजभवन पर महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुंजन सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक सहित प्रदेश कांग्रेस के नेतागण शामिल हुए।
![]()













Leave a Reply