Advertisement

कल्याण नगर दुर्गा पूजा मंडप में महिलाओं ने खेला सिंदूर, दी मां दुर्गा को विदाई

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। विजयादशमी के पावन अवसर पर पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा के कल्याण नगर दुर्गा पूजा मंडप में महिलाओं ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा को विदाई दी। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सिंदूर खेला की परंपरा निभाई।

इस अवसर पर क्षेत्र का माहौल भक्तिमय भावनाओं और उत्साह से सराबोर रहा। बताया जाता है कि 3 अक्टूबर की सुबह से ही पूजा मंडप में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित होकर मां दुर्गा की विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद मां की प्रतिमा को सिंदूर अर्पित कर उनके चरणों में प्रणाम किया गया। तत्पश्चात एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मंगलकामनाएं दी गईं। महिलाओं ने मां से परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

महिला श्रद्धालुओं द्वारा सिंदूर खेला के बाद विसर्जन की तैयारी की गई। ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की प्रतिमा को विदाई दी। पूरे माहौल में जय मां दुर्गा और आबार आशीर्बाद दियो मां के जयकारे गूंजते रहे। गुवा के कल्याण नगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करती है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *