Advertisement

दिनदहाड़े बैंक से निकलते ही महिला से रूपए की छिनतई, पुलिस जांच में जुटी

विजय कुमार साव/गोमिया (बोकारो)। बैंक से पैसा निकासी कर निकलते ही महिला से दीनदहाड़े एक लाख दस रुपए की अज्ञात अपराधियों द्वारा छिनतई की घटना सामने आयी है। घटना बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के आईईएल थाना क्षेत्र की बतायी जा रही है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है। समाचार प्रेषण तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोमिया प्रखंड के हद में आईईएल थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गोमिया शाखा के समीप 23 फरवरी को लगभग एक बजे एक महिला से एक लाख दस हजार रुपए की छिनतई की गई। बताया जाता है कि गोमिया प्रखंड के हद में छोटकी सिधाबारा रहिवासी महिला फोगनी देवी के साथ घटना तब हुई, जब वह अपनी पुत्री के साथ बैंक से रुपए निकालकर लाल झोला में रखकर बैंक के बाहर सड़क पर घर लौटने के क्रम में किसी सवारी गाड़ी का इंतजार कर रही थी। इस दौरान पूर्व से घात लगाए दो अज्ञात युवक जिनकी गाड़ी बैंक के आसपास ही खड़ी थी।

बाइक में सवार होकर आए और महिला के हाथ से झोला छीनकर फरार होने लगे। महिला ने झोला बचाने का पुरजोर प्रयास किया, किंतु बाइक सवार उसे भी कुछ दूर तक घसीटते ले गए और महिला के हाथ से झोला छूट गया। इस दौरान महिला के सिर सहित शरीर के कई अंगों में गंभीर चोट लगने से वह जख्मी हो गई, खून भी निकल आया।

पीड़ित महिला ने बताया कि आगामी 25 फरवरी को उसके निर्माणाधीन मकान की ढलाई होनी थी, इसलिए वह आज बैंक से पैसा निकालने अपनी पुत्री के साथ आई थी और जैसे ही बाहर निकली छिनतई हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आईईएल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई। अज्ञात अपराधियों की पहचान के लिए बैंक का सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर दो से तीन संदिग्ध चिन्हित किए गए हैं। समाचार प्रेषण तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *