Advertisement

पिरगुल बस स्टैंड के समीप प्रत्येक मंगलवार को लगेंगे साप्ताहिक हाट

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के पिरगुल बस स्टैंड के समीप प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक हाट लगाने को लेकर 23 दिसंबर को स्थानीय ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई।

आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मंगलवार को लगने वाले इस हाट में मुर्गा-मुर्गी, बकरी, साग-सब्जी सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा साप्ताहिक हाट में कपड़ों की दुकानें भी लगेंगी। मनोरंजन के उद्देश्य से मुर्गा लड़ाई का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आकर्षक पुरस्कार रखने का भी प्रस्ताव पारित किया गया।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत की मुखिया सरिता देवी ने कहा कि साप्ताहिक हाट शुरू होने से ग्रामीणों को खरीद-फरोख्त में सुविधा मिलेगी और स्थानीय किसानों व छोटे व्यापारियों को इसका लाभ होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से हाट को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा। वार्ड सदस्य प्रेमचंद कालिंदी ने कहा कि इस हाट से आसपास के गांवों के रहिवासियों को बाजार की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिलेगी, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी। कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से इस बाजार को नियमित और सफल बनाया जाएगा। बैठक में दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में उक्त साप्ताहिक हाट को सफल बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *