मेला थियेटर चौकी जाने वाली सड़क भी जलजमाव से क्षतिग्रस्त
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर के गोला बाजार गौतम चौक स्थित रेलवे अंडरपास बरसात के पानी में जलमग्न हो गया है, जिससे इस मार्ग से जुड़े दर्जनों ग्रामीण हलकों का आवागमन पूर्णतः ठप्प हो गया है।
बताया जाता है कि उक्त अंडरपास में छाती भर वर्षाजल का पानी जमा है। इसी तरह नगर के गज -ग्राह चौक- रामलखन दास मार्ग से मेला थियेटर चौकी जाने वाली लघु सड़क बरसात में पूरी तरह टूट – फूट गया है, जिससे इस पर वाहनों का गमनागमन ठप्प पड़ गया है।
ज्ञात हो कि, सोनपुर नगर के व्यस्तम व्यवसायिक गोला बाजार पश्चिमी साइड में गौतम चौक के निकट यह अंडर पास स्थित है। इस मार्ग में अंडरपास के निकट दोनों तरफ लगभग एक दर्जन दुकाने है। इसके आगे दक्षिण की ओर जाने के लिए अंडरपास में पानी होने के कारण रास्ता पुरी तरह जाम हो चुका है। अंडरपास में पानी जमा होने से दुधैला शाहपुर, शाहपुर टोला, परवेजाबाद, जहांगीरपुर, जैंतिया, भरपुरा आदि ग्रामों के ग्रामीण रहिवासियों का गोला बाजार मंडी आना -जाना बंद हो गया है।
इस संबंध में जहांगीरपुर पंचायत के पूर्व मुखिया शाहपुर एवं गौतम चौक रहिवासी संगीत कला मर्मज्ञ तृप्तिनाथ सिंह बताते हैं कि अंडरपास में जल जमाव से उपरोक्त ग्रामों के रहिवासी परेशान हैं। पूरी तरह अंडरपास जलमग्न है। जबतक जल-जमाव का स्थायी समाधान नहीं निकाला जायेगा, तब तक इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय वार्ड पार्षदों द्वारा पंपिंग सेट से पानी निकासी की जाती है, परंतु बरसात होते ही अंडरपास पुनः जलजमाव का शिकार हो जाता है। उन्होंने इसके स्थायी समाधान के लिए ड्रेनेज निकालने और नहर में स्लूईस गेट निर्माण करने की जरूरत बतायी। उन्होंने बताया कि ड्रेनेज निकालने एवं स्लूईस गेट निर्माण पर सभी का ध्यान होना चाहिए। इससे जलजमाव का स्थायी समाधान की संभावना है।
इसी तरह पुराने गंडक पुल के समीप स्थित गज -ग्राह चौक, संत रामलखन दास पथ पर स्व. कामेश्वर प्रसाद – मनसा देवी के घर के ठीक सामने पश्चिम थियेटर चौकी – मेला ग्राउंड की ओर जानेवाला लघु सड़क जलजमाव से पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस पर वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। राहगीर जान जोखिम में डालकर इस जर्जर मार्ग से गुजरने को विवश है।
![]()













Leave a Reply