गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के अंतर्गत 6 नवंबर को वैशाली जिले के सभी आठ विधानसभा क्षेत्र में मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिला के हद में लालगंज विधानसभा क्षेत्र और महानार विधानसभा क्षेत्र में छिट पूट घटनाओं का समाचार प्राप्त हुआ है।
जानकारी के अनुसार जिला के हद में लालगंज विधानसभा क्षेत्र के करहरी मध्य विद्यालय मतदान केंद्र पर ईवीएम की खराबी की वजह से मतदान को रोकना पड़ा, जिस वजह से मतदान केंद्र पर जुटे ग्रामीण रहिवासियों ने जमकर हंगामा किया। इस वजह से वहां वोट डालने आए स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस में हाथापाई की नौबत आ गई। लालगंज विधानसभा क्षेत्र के एक अन्य मतदान केंद्र पर एवीएम की खराबी की बात कह कर मतदान रोका गया था, जहां पहुंची राजद प्रत्याशी शिवानी शुक्ला की मतदान कर्मियों के साथ नोंकझोक भी हुई। जिले का लालगंज विधानसभा क्षेत्र इस बार के चुनाव में संवेदनशील क्षेत्र माना जा रहा था। कई एक स्थान पर राजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी देखने को मिली। लेकिन कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई।

इस बार के मतदान में महिलाओं ने काफी उत्साह से भाग लिया और महिलाएं मतदान केंद्र पर सुबह से ही लाइन में खड़ी दिखी। जानकारी मिली है कि गत वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में इस वर्ष विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं का मत प्रतिशत 4 प्रतिशत अधिक रहा है।
वैसे लालगंज विधानसभा क्षेत्र में 60 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। सबसे कम मतदान राजापाकर विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिली। महानार विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदान को लेकर सीआरपीएफ के जवानों और राजद समर्थकों के बीच कहा सुनी होने के बाद राजद समर्थकौ ने सीआरपीएफ पर रोड़ाबाजी कर दी, जिससे थोड़ी देर के लिए माहौल खराब हो गया। लेकिन सीआरपी के जवानों ने बिना किसी अप्रिय घटना के उपद्रवियों को बूथ से दूर खदेड़ दिया।
वैशाली जिला निर्वाचित पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह और वैशाली के पुलिस अधीक्षक स्वयं जिले के विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण कर कानून व्यवस्था की जानकारी लेते रहे। जिला निर्वाचित पदाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि जिले में लगभग 59 प्रतिशत मतदान हुआ है जो गत विधानसभा चुनाव से अधिक है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया के दौरान लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं वीडियो निगरानी की व्यवस्था की गई थी, ताकि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
![]()













Leave a Reply