Advertisement

घर-घर पहुंच रही मतदाता पर्ची, आगामी 23 फरवरी को होगा मतदान

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार नगर पालिका (आम) निर्वाचन को लेकर नगर निगम चास एवं नगर परिषद फुसरो क्षेत्र में मतदाता पर्ची (वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप) का घर-घर वितरण तेज़ी से किया जा रहा है।

इस क्रम में 17 फरवरी को भी संबंधित क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर पहुंचकर मतदाता सूचना पर्ची वितरित की गई। बताया जाता है कि इस दौरान बीएलओ मतदाताओं को मतदान तिथि, मतदान केंद्र, उपलब्ध सुविधाओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया है कि 19 फरवरी तक शत-प्रतिशत मतदाता पर्ची वितरण सुनिश्चित करें। यदि किसी मतदाता को पर्ची प्राप्त नहीं होती है, तो वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें या निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950 पर शिकायत दर्ज कराएं। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता पर्ची फोटो पहचान पत्र नहीं है, बल्कि यह मतदान के समय मतदाता सूची में नाम, भाग संख्या एवं क्रम संख्या खोजने में सहायक दस्तावेज है।

क्या है मतदाता पर्ची

मतदाता पर्ची या वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप चुनाव आयोग द्वारा जारी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसमें मतदाता का नाम, आयु, लिंग, निर्वाचन क्षेत्र, मतदान केंद्र का पता तथा मतदान की तिथि एवं समय अंकित रहता है। मतदान के दिन इसे साथ ले जाने से मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने और प्रक्रिया समझने में सुविधा होती है।

वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र से भी कर सकेंगे मतदान

नगर पालिका (आम) निर्वाचन के तहत आगामी 23 फरवरी को मतदान होगा। मतदान के लिए मतदाता फोटोयुक्त पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
यदि किसी कारणवश मतदाता EPIC प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, तो वे वैकल्पिक फोटो युक्त पहचान पत्र दिखाकर भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। मतदान के लिए इपीक के अलावा निम्नलिखित दस्तावेज मान्य होंगे: पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य/केंद्र सरकार या पब्लिक सेक्टर के कर्मचारियों का फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र बैंक/डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम मंत्रालय का स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, आधार कार्ड, सांसद/विधायक/पार्षद पहचान पत्र, विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र।
बोकारो जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *