Advertisement

वोट फ़ॉर अर्थ, वोट फ़ॉर डेमोक्रेसी थीम के साथ मतदाता जागरूकता साइकिल रैली

विश्व साइकिल दिवस पर सारण जिला के प्रखंडों में भी निकाली गयी रैली

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा सहित जिले के सभी प्रखंडों में 3 जून को विश्व साइकिल दिवस पर वोट फ़ॉर अर्थ, वोट फ़ॉर डेमोक्रेसी थीम के साथ मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। आयोजित साइकिल रैली में विद्यालय के छात्र – छात्रा, भारत स्काउट एंड गाइड के कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार जिला स्तरीय साइकिल रैली राजेन्द्र स्टेडियम छपरा से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते पुनः राजेन्द्र स्टेडियम में समाप्त हुई। जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सारण संजय कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में जिला स्वीप आइकॉन (दिव्यांग) अमित कुमार सिंह सहित अन्य दिव्यांगजनों ने भी शिरकत की। उक्त रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ – साथ एक सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अधिक से अधिक जिलावासियों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में तीन दिवसीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत 3 से 5 जून तक विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर अनुमण्डल पदाधिकारी सदर छपरा, जिला स्वीप आइकॉन (दिव्यांग) अमित कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग सह डीपीओ आईसीडीएस कुमारी अनुपमा, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, वरीय उप समाहर्त्ता रतन परवेज, जिला कल्याण पदाधिकारी साधना कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग राहुल कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा सहभागी मौजूद थे। इसी तरह जिला के हद में प्रखंड मुख्यालय पानापुर, प्रखंड मुख्यालय बनियापुर, प्रखंड मुख्यालय तरैया आदि में भी प्रखंड विकास पदाधिकारियों सहित स्थानीय युवाओं ने रैली निकाली।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *