रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। केंद्रीय वन बचाव सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने क्षेत्र में लगातार हो रहे हाथियों के हमलों को बेहद गंभीर बताते हुए वन विभाग से इस पर तत्काल और ठोस पहल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हाथियों के हमले में निर्दोष ग्रामीणों की जान जा रही है, जो अत्यंत चिंताजनक है।
महतो ने गोमिया क्षेत्र में हाल ही में घटी दर्दनाक घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि हाथी हमले में हुई मौत ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। ग्रामीण रात में घर से निकलने से डर रहे हैं, वहीं खेत-खलिहान जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद वन विभाग की ओर से कोई ठोस और स्थायी व्यवस्था नहीं की जा रही है। न तो हाथियों की नियमित मॉनिटरिंग हो रही है और न ही ग्रामीणों को समय रहते अलर्ट किया जा रहा है, जिससे जान-माल का नुकसान बढ़ता जा रहा है। केंद्रीय वन बचाव सुरक्षा समिति के उपाध्यक्ष ने मांग की कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गश्ती की व्यवस्था की जाए, अलर्ट सिस्टम और चेतावनी तंत्र को मजबूत किया जाए, पीड़ित परिवारों को तुरंत मुआवजा दिया जाए। हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए कॉरिडोर विकसित किए जाए।
सरकार से हस्तक्षेप की अपील महतो ने राज्य सरकार और वन विभाग के वरीय अधिकारियों से इस मामले में संवेदनशीलता दिखाने की अपील करते हुए कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानव जीवन सर्वोपरि है और इसे बचाने के लिए वन विभाग को अब सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि ज़मीनी कार्रवाई करनी होगी।
![]()













Leave a Reply