Advertisement

सबलपुर दियारे में रिंग बांध निर्माण को ले ग्रामीणों ने लिया सामूहिक संकल्प

शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 80वीं पुण्यतिथि पर संकल्प सभा

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। स्वतंत्रता आंदोलन में बिहार के सुप्रसिद्ध अमर क्रांतिकारी शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी की 80वीं पुण्यतिथि 30 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर अंचल के सबलपुर दियारे में आयोजित किया गया। उक्त दिवस को रहिवासियों ने संकल्प सभा के रूप में आयोजन किया।

संकल्प सभा में मौजूद सबलपुर दियारे के चारों पंचायत की जनता ने सामूहिक रूप से दियारे को कटाव से बचाने को लेकर रिंग बांध बनवाने के लिए सामूहिक संघर्ष का संकल्प लिया। सबलपुर नया बाजार के निकट मध्यवर्ती पंचायत भवन परिसर में शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित संकल्प सभा की अध्यक्षता लालू प्रसाद यादव उच्च विद्यालय के निवर्तमान प्रधानाध्यापक एवं साहित्यकार माधव प्रसाद राय एवं संचालन अविनाश शर्मा कर रहे थे।

संकल्प सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रिंग बांध की मांग की पूर्ति के लिए सार्वजनिक तौर पर मंच से जेपी सेतु जाम करने एवं विधानसभा का घेराव करने की जोरदार आवाज बुलंद की। उपस्थित जन समूह ने याचना नहीं अब रण होगा का सामूहिक उद्घोष किया।

इससे पूर्व आगत अतिथियों ने शहीद ब्रह्मचारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सभा को किसान नेता ब्रज किशोर शर्मा, विजय कुमार शर्मा, जेपी सेनानी धर्मनाथ शर्मा, शैलेन्द्र कुमार राय, जीवबोधन राय, महेश्वर प्रसाद सिंह, अनुपम कुमार चंदन, सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के सरपंच दिलीप सिंह, पूर्व मुखिया दीपक शर्मा आदि ने संकल्प सभा को संबोधित किया और रिंग बांध बनवाने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के पूर्व मुखिया दीपक शर्मा ने चारों पंचायत की उपस्थित जनता को रिंग -बांध बनवाने के लिए संकल्पबद्ध कराया। संकल्प सभा में सबलपुर चारों पंचायत के एक भी जन प्रतिनिधि मुखिया उपलब्ध नहीं थे, जिससे वक्ताओं में नाराजगी दिखी। मंटू शर्मा व्यास एवं अवधेश राय व्यास ने अपने गीतों से कटाव पीड़ितों के दु:ख-दर्द को बयां किया। हमनी के ढहत बांटे गंउआ ये चाचा आइल बाटे ये पच्चीस के चुनौआ ये चाचा आदि गायन ने जनता का उत्साह बढ़ाया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *