Advertisement

ग्रामीणों ने पीएसएलपीएल खदान से माल ढुलाई कार्य किया ठप्प

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में स्थित टाटा स्टील (टीएसएलपीएल) की विजय-टू खदान से 23 सितंबर की सुबह लगभग 6 बजे बराईबुरु-टाटीबा के ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को लेकर उत्पादन व माल ढुलाई का कार्य ठप कर दिया। जिससे उक्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।

बराईबुरु-टाटीबा ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष बुधराम पूर्ति ने बताया कि उक्त खदान से सबसे ज्यादा प्रभावित उनका गांव है। कंपनी प्रबंधन उक्त गांव के बेरोजगारों को रोजगार न देकर बाहर के लोगों को रोजगार दे रहा है। इसके अलावा अन्य कई समस्याएं व मांगे हैं। उन्होंने बताया कि सामुदायिक भवन में कंपनी प्रबंधन से वार्ता होने के बाद ही आगे की रणनीति तय होगी।

विदित हो कि उक्त मांगों व समस्याओं के समाधान व वार्ता हेतु बीते 22 सितंबर को सामुदायिक भवन बराईबुरु में बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में टीएसएलपीएल खदान प्रबंधन के अधिकारी को वार्ता व समस्या के समाधान हेतु बुलाया गया था। लेकिन वे सहमति देने के बावजूद देर शाम तक बैठक में शामिल नहीं हुए।

इससे दोनों गांव के नाराज ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने तक अनिश्चितकालीन उत्पादन व माल ढुलाई कार्य को ठप रखने का फैसला किया। बैठक में बराईबुरु मुंडा जुनु पूर्ति, टाटीबा मुंडा हाजा हेम्ब्रम, बराईबुरु-टाटीबा ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष बुधराम पूर्ति, नोवामुंडी प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा, मुखिया मंगल सिंह गिलुवा, मंगल हेम्ब्रम सहित काफी संख्या में ग्रामीण रहिवासी मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *