रिंग रोड निर्माण की मांग पर अड़े ग्रामीण रहिवासी
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के अराजू स्थित बरवाडीह टोला में कोलकाता–वाराणसी एक्सप्रेस-वे रोड निर्माण को लेकर 28 दिसंबर को एक अहम बैठक सामाजिक कार्यकर्ता चीकू द्वारा आयोजित की गई।
जानकारी के अनुसार आयोजित बैठक में अराजू क्षेत्र के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। ग्रामीणों ने एक स्वर में अपनी मांग दोहराई। कहा कि बरवाडीह टोला को रिंग रोड की सुविधा दी जाए, ताकि स्थानीय रहिवासियों को आवागमन में सहूलियत मिल सके और गांव का समुचित विकास संभव हो।
इस अवसर पर बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी इस मांग को लेकर आवाज उठाई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस और सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया है। इसी कारण बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक रिंग रोड को लेकर सफल वार्ता और स्पष्ट आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक एक्सप्रेस-वे रोड निर्माण से संबंधित कार्य को बाधित रखा जाएगा।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बोकारो जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की कि वे जल्द से जल्द इस विषय पर संज्ञान लें और स्थानीय जनभावनाओं का सम्मान करते हुए उचित समाधान निकालें। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के नाम पर उनकी मूलभूत जरूरतों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। अंत में ग्रामीणों ने एकजुटता का परिचय देते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग जारी रखने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply