एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 27 में पेयजल के लिए पिछले तीन दिनों से हाहाकार मचा है। उक्त वार्ड में निजी चापाकल एवं अन्य जलस्रोत के अभाव में बूंद-बूंद पानी के लिए रहिवासी तरस रहे हैं।
ज्ञात हो कि, ताजपुर के वार्ड 27 में जल संकट के कारण एक ओर महिलाओं को रसोई का कार्य निबटाने तो दूसरी ओर आमजनों को अपने दैनिक कार्यों को संपन्न करने में घोर कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
इसकी जानकारी नगर परिषद को देने के बाबजूद भी समस्या का निराकरण नहीं किये जाने से आक्रोशित महिला-पुरूषों ने 3 जून को भाकपा माले एवं राजद कार्यकर्ता के नेतृत्व में जलमिनार पर खाली बाल्टी लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। रहिवासी भोला कुमार, सचिन कुमार, अनुपी देवी, पुनम देवी समेत अन्य द्वारा नारा लगाकर जलापूर्ति करने में विफलता के लिए नगर परिषद को कोस रहे थे।
मौके पर उपस्थित राजद के दीपक लाल निरहुआ एवं भाकपा माले के रत्नेश सहनी ने कहा कि शायद प्री-पेड मीटर का रिचार्ज खत्म होने के कारण जलापूर्ति तीन दिनों से बंद है। इस आशय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से देते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रीपेड मीटर रिचार्ज खत्म होने पर जलापूर्ति बाधित होने की समस्या नगर व् प्रखंड के अधिकांश वार्डों की है। आखिर नगर परिषद पेयजलापूर्ति का वार्षिक टैक्स तो लेगी। ऐसी स्थिति में नगर परिषद का मामला का स्थाई समाधान निकालकर नप की ओर से सभी प्रीपेड मीटर को रिचार्ज करने की व्यवस्था कर बंद जलापूर्ति अविलंब चालू करवाये अन्यथा नगर परिषद का घेराव किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply