सावधानी व् सतर्कता के साथ इंटरनेट व सोशल प्लेटफॉर्म का प्रयोग जरूरी-अश्वनी
एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके क्षेत्रीय मुख्यालय करगली क्षेत्र 29 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) चितरंजन कुमार ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे उत्तम उपाय सतर्कता है। कभी भी अपराधी के झांसे में न आएं। तय नियमों और कायदे के अनुसार ही डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करें और घटना होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।

बोकारो से आए पूर्व शिक्षक अनुदेशक भारतीय सेना शिक्षा कोर अश्वनी शर्मा द्वारा सीसीएल के कर्मचारियों को साइबर अपराध से बचने हेतु आवश्यक सुझाव दिए उन्होंने उपस्थित जनों को समझाया कि साइबर अपराध लगातार नए रूप ले रहे हैं। अपराधी बड़ी चालाकी से ठगते हैं, इसलिए हर किसी को सावधानी और सतर्कता के साथ इंटरनेट व सोशल प्लेटफॉर्म का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इंटरनेट बैंकिंग, वॉलेट, यूपीआई और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहें। आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम, फेसबुक हैकिंग, बारकोड स्कैन, व्हाट्सएप हैकिंग और फर्जी वेबसाइट से बचाव जरूरी है।
कहा कि सोशल मीडिया पर हनी ट्रैप, फर्जी कॉल, अनजान वीडियो कॉल, ऑनलाइन लोन एप से सतर्क रहें। सिम स्वैपिंग, एटीएम/डेबिट-क्रेडिट कार्ड बदलकर ठगी, क्यूआर कोड स्कैनिंग जैसे तरीकों से भी अपराधी सक्रिय है। साथ ही कुछ बातों का ध्यान रखने के बारे में भी जानकारी दी।
टीम ने कहा कि अंजान नंबर से आए लिंक या कॉल पर भरोसा न करें। गूगल से कस्टमर केयर नंबर सर्च न करें। सोशल मीडिया पर अंजान दोस्ती या पैसों की मांग करने वालों पर विश्वास न करें।

उपस्थित पुलिस अधिकारी ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। साथ ही अधिक से अधिक जनों को जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी मानव संसाधन विनय रंजन टुडु, क्षेत्राधिकारी उत्खनन मनोज कुमार, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी दिनेश्वर मांझी, क्षेत्राधिकारी ईएंडटी प्रवीण कुमार, प्रबंधक एचआर पीएन सिंह सहित हर्षवर्धन, गौतम कुमार, नवीन कुमार नायक, राकेश पाल, गौतम कुमार, रोशन बेरी, सत्येंद्र हासंदा, पुषपाजंली तिवारी, सहोदरी देवी, किरण देवी, कजली देवी, कलावती देवी, टिकेश्वरी देवी आदि कर्मियों ने भाग लिया।
![]()













Leave a Reply