Advertisement

बेरमो विधानसभा के लिए वरुण सिंह ने पेश की दावेदारी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल में तीन दशक से अधिक समय से श्रमिक राजनीति में सक्रिय वरुण कुमार सिंह ने कांग्रेस पार्टी की ओर से बेरमो विधानसभा से चुनाव लड़ने को लेकर अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने बीते माह बोकारो जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की है।

ज्ञात हो कि, वर्तमान में वरुण सिंह इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के कथारा क्षेत्रीय सचिव हैं। इसके अलावा वे वर्ष 1992 से लगातार कांग्रेस के कार्यक्रमों में सक्रिय रहे हैं। वे धनबाद के पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के प्रिय व् करीबी भी रहे है।

जानकारी के अनुसार कांग्रेस से दावेदारी पेश करनेवाले वरुण सिंह पूर्व में यूथ कांग्रेस के बेरमो प्रखंड अध्यक्ष के अलावा बोकारो जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष तथा जिला महासचिव रहकर क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को बेहतर मजबूती प्रदान करते रहे हैं।
एक भेंट में कांग्रेसी नेता वरुण सिंह ने 3 सितंबर को बताया कि राजनीति उन्हें विरासत में मिला है।

उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय युगल किशोर सिंह उर्फ जुगल बाबू की एक आवाज पर क्षेत्र के हजारों मजदूर इकट्ठा होकर सीसीएल प्रबंधन की मनमानी पर रोक लगाने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि कथारा क्षेत्र खासकर जारंगडीह के तमाम मजदूर जमात अब भी उनके पिता को अपना रहनुमा मानते है। यही कारण है कि यहां आज भी राकोमसं की सदस्य संख्या सबसे अधिक है।

सनद रहे कि, वरुण कुमार सिंह वर्ष 1992 से राजनीति में सक्रिय रहे है। इन 32 वर्षो के अंतराल में उन्होंने कभी भी कांग्रेस को छोड़कर दूसरे किसी भी दूसरे राजनीतिक दल अथवा श्रमिक यूनियन की ओर देखना भी मुनासिब नहीं समझा। इसलिए भी वे प्रदेश स्तरीय कांग्रेस जनों के प्रिय पात्र बने रहे है। अब देखना है कि पार्टी इन्हें इस बार मौका देती भी है तो किस स्तर का। यह तो भविष्य के गर्त में है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *