Advertisement

वैशाली के जिलाधिकारी को मिला राज्य का वेस्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी अवॉर्ड

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली के जिला धिकारी जिला निर्वाचन पदाधिकारी वर्षा सिंह को निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 में उत्कृष्ट कार्य के लिये 25 जनवरी को राज्य स्तर पर वेस्ट जिला निर्वाचन पदाधिकारी अवॉर्ड के रूप में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

जानकारी के अनुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना के सिंचाई भवन परिसर अधिवेशन भवन में उन्हें मुख्य सचिव बिहार एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी तथा अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैशाली द्वारा जिला के हद में प्रत्येक प्रखंड में आमजनों के बीच स्वयं भ्रमणशील रहकर जागरूक किया गया। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र एवं बहलोलपुर दियारा जैसे सुदूर इलाके में भी नाव एवं ट्रैक्टर से यात्रा कर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण से परिचित कराया गया। उन्हें मतदान हेतु जागरूक किया गया। प्रतिदिन विडियो कॉन्फ्रेस एवं भौतिक बैठकों के माध्यम से प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की गयी।

बताया जाता है कि, विशेष गहन पुनरीक्षण के पूर्व वैशाली जिला में कुल 26,74,245 निर्वाचक थे। जिलाधिकारी सिंह के अथक प्रयास से ही विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में 2,25,953 निर्वाचकों का नाम निर्वाचक सूची से विलोपित किया गया। इस अभियान में किये गये नवाचारों एवं विभिन्न प्रकार की चुनौतियों को बहुत ही सहजता से अपनाते हुए न केवल वैशाली बल्कि पूरे बिहार का नेतृत्व किया गया।

उल्लेखनीय है कि वैशाली जिले के सबसे सुदूरवर्ती, दुर्गम और चारों ओर से गंगा नदी से घिरे टापू गांव बहलोलपुर दियारा के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया, जब जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह स्वयं गांव तक पहुंची। उफनती गंगा, कठिन भौगोलिक परिस्थितियाँ और सीमित संसाधनों के बावजूद उनका यह दौरा न केवल साहसिक था, बल्कि प्रशासनिक प्रतिबद्धता का जीवंत प्रतीक भी बना। यह पहली बार है जब किसी जिलाधिकारी ने बहलोलपुर दियारा का दौरा किया, जिससे सिंह इस गांव तक पहुँचने वाली जिले की प्रथम जिलाधिकारी के रूप में इतिहास में दर्ज हो गईं।

नाव एवं ट्रैक्टर जैसे सीमित साधनों के सहारे गांव तक पहुँचकर जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि शासन-प्रशासन की पहुँच जिले के अंतिम छोर तक सुनिश्चित है। वर्षों से उपेक्षित इस टापूनुमा गांव में जिलाधिकारी के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह, विश्वास और प्रशासन के प्रति भरोसे का नया संचार हुआ। ग्रामीणों ने पहली बार सीधे जिलाधिकारी से संवाद कर अपनी समस्याएँ, अपेक्षाएँ और सुझाव खुले मन से साझा किए।

दियारा क्षेत्र दौरे के दौरान जिलाधिकारी सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण एवं स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाताओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने गणना प्रपत्र भरने, मतदाता सूची के शुद्धिकरण तथा अधिकतम मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिलाधिकारी के सशक्त नेतृत्व एवं सतत प्रशासनिक निगरानी में वैशाली जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अभियान के दौरान जिले में मतदाताओं को घर-घर जाकर बीएलओ के माध्यम से प्रगणन फॉर्म वितरित किए गए एवं मतदाताओं से प्रगणन फॉर्म प्राप्त कर उन्हें सफलतापूर्वक मतदाता सूची में सम्मिलित किया गया।

इस प्रक्रिया में मात्र 2,25,953 मतदाता, जो कुल का लगभग 8.4 प्रतिशत हैं, अनुपस्थित, मृत, दोहरी प्रविष्टि अथवा स्थानान्तरित पाए गए, जो राज्य के औसत से भी कम है। मतदाता सूची के शुद्धिकरण में जिले की इस उल्लेखनीय उपलब्धि की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *