बिहार के 6 शहरों में सोनपुर को मिला स्थान, भूमि रिकॉर्ड डिजिटलीकरण से लाभ
पीएम मोदी के डिजिटल इंडिया विजन को साकार करेगा नक्शा-राजीव प्रताप रूडी
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर नगर पंचायत नगर भवन सभागार में 18 फरवरी को शहरी भूमि सर्वेक्षण नक्शा पायलट परियोजना का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन को गति देते हुए भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय भू-स्थानिक ज्ञान आधारित इस परियोजना का शुभारंभ सारण के भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने किया।
इसके साथ ही सोनपुर भी शहरी भूमि सर्वेक्षण नक्शा परियोजना में शामिल हो गया। यह नक्शा कार्यक्रम शहरी भूमि रिकार्ड्स के निर्माण और प्रबंधन को नई गति देगा। शहरी भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण की इस महत्वपूर्ण योजना में बिहार के केवल 6 शहरों को चुना गया है, जिनमें सोनपुर का नाम विशेष रूप से शामिल है। इस चयन के साथ ही सोनपुर एक नई डिजिटल व्यवस्था की ओर अग्रसर हो रहा है।
सोनपुर नगर पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस संदर्भ में सांसद रूडी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश डिजिटल क्रांति की ओर अग्रसर है। कहा कि जिस तरह सूरज की किरणें अंधकार को मिटा देती हैं, उसी तरह यह नई तकनीक भूमि अभिलेखों से जुड़ी भ्रांतियों और अनियमितताओं को समाप्त कर पारदर्शिता की नई रोशनी बिखेरेगी।
उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस पायलट परियोजना का शुभारंभ किया जाना भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ है। इससे देश के लाखों नागरिकों को अपनी भूमि का सटीक और डिजिटल रिकॉर्ड मिलेगा, जिससे भूमि विवादों और अनियमितताओं को समाप्त करने में सहायता मिलेगी। कहा कि सोनपुर को इस महत्वपूर्ण पहल में शामिल किया जाना हमारे लिए गर्व की बात है।
सांसद रुडी ने कहा कि डिजिटल भू-स्थानिक सर्वेक्षण भूमि विवादों की गांठ को खोलने वाला मंत्र साबित होगा। अब रहिवासियों को अपनी जमीन के कागजातों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि उनकी संपत्ति का रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उनके हाथों में होगा। प्रधानमंत्री मोदी की सोच हर नागरिक को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की है। यह परियोजना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि सोनपुर के नागरिकों के लिए एक नई शुरुआत है। कहा कि वर्षों से चली आ रही प्रक्रियाओं में अब तकनीकी सुधार आएगा और आमजन को अपनी भूमि संबंधी जानकारी तक सहज और त्वरित पहुंच मिलेगी।
पूर्वाह्न 11 बजे से नगर पंचायत सोनपुर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में ड्रोन और एरियल मैपिंग तकनीक का लाइव प्रदर्शन, शहरी भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण पर जागरूकता अभियान, स्थानीय नागरिकों, भू-स्वामियों एवं शहरी योजनाकारों की सहभागिता और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा भू-स्थानिक सर्वेक्षण की प्रक्रिया पर जानकारी दी गई, जिसमें स्थानीय प्रशासन एवं नगर पंचायत के अधिकारियों की भागीदारी रही। सांसद रूडी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों, जन प्रतिनिधियों और हितधारकों को इसके लिए साधुवाद दी। उन्होंने कहा कि सोनपुर में नक्शा परियोजना का शुभारंभ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य की ओर बढ़ता एक सशक्त कदम है। इस पहल से सोनपुर के नागरिकों को एक सुव्यवस्थित और पारदर्शी भूमि रिकॉर्ड प्रणाली का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में यह पहल भारत के शहरी भू-प्रबंधन को आधुनिक और पारदर्शी बनाएगी। सोनपुर के विकास में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।
मौके पर सारण एडीएम मुकेश कुमार, सोनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय साह, सोनपुर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रणजीत कुमार, सोनपुर के आरजेडी विधायक डॉ रामानुज प्रसाद, भाजपा प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह, विनोद सम्राट, राजीव मुनमुन, धनंजय सिंह आदि उपस्थित थे।
62 total views, 14 views today