Advertisement

जगदम्बा कोल फैक्ट्री की मालकिन की कार में अज्ञात अपराधियों ने की फायरिंग

एसपी ने की घटनास्थल की जांच, अवैध कोयला तस्करी से जुड़ा है घटना की तार

प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के पिलपिलो गांव में बीते 21 जनवरी की देर रात जगदंबा कोल फैक्ट्री की मालकिन शिवकुमारी और उनके पुत्र डॉक्टर शिवम कुमार की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस घटना में मां-बेटा बाल-बाल बच गए।

हालांकि गोली चलने की आवाज सुन कर महिला कार में ही बेहोश हो गई। घटना का कारण अवैध कोयला कारोबार में बर्चस्व को लेकर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, हजारीबाग रहिवासी 55 वर्षीय महिला शिवकुमारी अपने पुत्र डॉक्टर शिवम कुमार के साथ बीते 21 जनवरी की रात लगभग 11.50 बजे पेक थाना क्षेत्र के रामहरिया जगदंबा कोल फैक्ट्री से कार क्रमांक-JH09AT/ 7328 से निकलकर कटहरडीह की ओर जा रही थीं।

जैसे ही उनकी कार पिलपिलो गांव के समीप पहुंची, तभी दो बाइक सवार चार अज्ञात अपराधियों ने कार को रोकने का इशारा किया। डॉक्टर शिवम द्वारा कार नहीं रोकने पर हमलावरों ने कार पर फायरिंग कर दी। हमलावरों द्वारा चलाई गई दो गोली कार के पिछले हिस्से में लगीं, जो आर-पार हो गईं। सौभाग्यवश, कार में सवार मां और बेटा सुरक्षित बच गए। वही घटना से आहत बुजुर्ग महिला शिवकुमारी बेहोश हो गई जिसे डीवीसी के बोकारो थर्मल अस्पताल लाया गया और पुलिस को घटना की सुचना दी गयी।

बताया जाता है कि बेहोशी की हालत में भर्ती महिला को प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने रात्रि में ही रांची रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह एवं बेरमो एसडीपीओ वशिष्ट नारायण सिंह 22 जनवरी की दोपहर लगभग 12 बजे जांच हेतु हमहरिया गांव स्थित जगदम्बा कोल फैक्ट्री एवं घटना स्थल पिलपिलो पहुंचे तथा मामले की जांच की। साथ ही अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने हेतु पेक थाना प्रभारी नीतीश कुमार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बता दे कि मां जगदम्बा कोल फैक्टी पूर्व में धनबाद के एक कोयला व्यवसायी चलाता था जिसमें अवैध कोयला तस्करी होने की शिकायत जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने वरीय पुलिस अधिकारी से की थी। शिकायत मिलने के बाद उक्त फैक्ट्री की मालकिन ने फैक्ट्री को एक माह पूर्व खाली करवा दिया था, जिस कारण यह विवाद होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *