Advertisement

मजदूरों को मजदूरी नहीं देने का ठेकेदारों पर आरोप, यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। झारखंड मजदूर यूनियन के महामंत्री हेमराज सोनार ने सेल में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनियों के ठेकेदारो पर मजदूरों का शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।

यूनियन महामंत्री सोनार ने 19 अक्टूबर को भेंट में कहा कि राकेश कंस्ट्रक्शन, पावर इंजीनियरिंग और एस्सकाय कॉन्कास्ट मिनरल्स जैसी कंपनियां मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी नहीं दे रही हैं। उनसे निर्धारित समय से अधिक काम लिया जा रहा है।

सोनार ने बताया कि मजदूरों से लगातार आठ घंटे से अधिक बिना किसी विराम के काम करवाया जा रहा है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पर रहा है। जबकि सेल द्वारा जारी वर्क ऑर्डर में स्पष्ट रूप से मजदूरी दर और कार्य के घंटे का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार लगातार इन नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। यूनियन द्वारा कई बार मौखिक रूप से चेतावनी देने के बावजूद कंपनियों ने अपनी कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं किया है।

यूनियन महामंत्री सोनार ने कहा कि यदि उपरोक्त आउटसोर्सिंग कंपनियां जल्द ही मजदूरों का शोषण बंद नहीं करतीं, तो झारखंड मजदूर यूनियन उनके खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यूनियन किसी भी मजदूर के साथ हो रहे अन्याय और शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगी। मजदूरों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। यूनियन ने सेल प्रबंधन से भी मांग की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *