Advertisement

आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार का मामला उजागर

एस.पी.सक्सेना/पटना (बिहार)। राज्य में एक बार फिर से देह व्यापार से जुड़ा मामला प्रकाश आया है। जहां आर्केस्ट्रा (arkestra) की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार का काम कराया जा रहा था। मामला बिक्रमगंज के धनगाई का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सभी लड़कियों को एक कमरे में बंद कर रखा गया था। किसी तरह एक नाबालिग लड़की वहां से भाग निकली और किसी संस्था के जरिये इस मामले का खुलासा किया। इस मामले की सूचना पुलिस को भी दी गयी। जिसके बाद इस मामले में कार्रवाई की गयी।

बताया जा रहा है कि 14 वर्षीय एक नाबालिग लड़की वहां से भागकर एक संस्था की मदद से बीते दिनों पटना पहुंच गई। पटना पहुंचते ही उसे बाल कल्याण समिति के सामने लाया गया। किशोरी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।

उसके बयान पर सज्ञान लेते हुए बाल कल्याण समिति ने एसएसपी पटना को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद रेस्क्यू टीम गठित कर छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान 9 लड़कियों का रेस्क्यू किया जा सका। इस छापेमारी के दौरान मौके पर हड़कंप मच गया। सभी इधर-उधर भागने लगे।

बताया जाता है कि रेस्क्यू टीम के पहुंचने के पहले ही एक लड़की की छोटी बहन की हत्या कर दी गयी थी। बताया जाता है कि रेस्क्यू की गई लड़कियां मुजफ्फरपुर, रोहतास और रक्सौल की रहनेवाली हैं। इन्हें आश्रय गृह में रखा गया है। छापामारी के क्रम में अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले में एसपी बीना कुमारी (S.P Bina Kumari) ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेखा देवी नाम की महिला आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराती है। जिसके बाद इस पूरे मामले में कार्रवाई की गयी। पुलिस ने महिला दलाल रेखा देवी के साथ शंकर नट, गोपाल नट, विकास और सोनू को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने विक्रमगंज थाने में पॉक्सो, हत्या, मानव तस्करी के साथ अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मौके से नगद के साथ गर्भ निरोधक व् गर्भपात कराने वाली कई तरह की दवाएं भी बरामद की है। इस देह व्यापार का कनेक्शन मुंबई और नेपाल तक होने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले की पूरी जांच में जुटी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *