Advertisement

बेकाबू पुलिस वाहन ने लिंक रोड पर महिला को मारी टक्कर, रहिवासियों का हंगामा

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के सोनारी-कदमा लिंक रोड पर 25 अक्टूबर की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक बेकाबू पुलिस वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टहल रहे एक महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को पुलिस वाहन से क्षति पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 6 बजे की है। स्थानीय रहिवासी संगीता कुमारी ने बताया कि तेज रफ्तार आ रही पुलिस की एक कार अचानक बेकाबू होकर किनारे चढ़ गई। टक्कर लगने से महिला गिर गयी, जिससे उसके हाथ में चोट आई है। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बताया जाता है कि घटना के बाद रहिवासियों ने महिला के घायल होने की सूचना कदमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत सामान्य है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद स्थानीय रहिवासी भड़क गये और पुलिस वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया। रहिवासी सड़क पर उतर कर पुलिस वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

हंगामे की सूचना मिलते ही कदमा थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। दुर्घटना में क्षतिग्रस्त गाड़ियों के मालिकों ने पुलिस प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि गलती पुलिस वाहन चालक की है, इसलिए वाहन मरम्मत का खर्च प्रशासन को वहन करना चाहिए।

रहिवासियों के अनुसार सोनारी-कदमा लिंक रोड पर रोज सुबह सैकड़ों रहिवासी टहलने, योग करने और दौड़ने के लिए आते हैं, लेकिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। रहिवासियों ने यहां जिला प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और बैरिकेड लगाने की मांग की है, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। घटना के संबंध में कदमा थाना पुलिस ने बताया कि वाहन चलाने वाले पुलिसकर्मी से पूछताछ की जाएगी। यदि लापरवाही साबित होती है, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *