रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। चिन्मय विद्यालय बोकारो परिवार के लिए साल का अंतिम दिन 31 दिसंबर भावनाओं से भरा रहा। विद्यालय के दो वरिष्ठ शिक्षकों हेडमास्टर गोपाल चंद्र मुंशी एवं फिजिकल एजुकेशन विभाग के एचओडी हरिहर पांडेय के सेवानिवृत्त होने पर सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में चिन्मय मिशन बोकारो की रेजिडेंट आचार्य स्वामिनी संयुक्ता नंदा सरस्वती, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष बिश्वारूप मुखोपाध्याय, सचिव महेश त्रिपाठी, प्राचार्य सूरज शर्मा एवं उप प्राचार्य नरमेंद्र कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुप्रिया चौधरी ने किया। उन्होंने स्वागत भाषण में दोनों शिक्षकों के 35 वर्षों से अधिक के समर्पित सेवाकाल, निष्ठा और सकारात्मक योगदान को रेखांकित किया। विद्यालय की ओर से दोनों सेवानिवृत शिक्षकों को स्मृति-चिह्न, पुस्तक एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं स्वामिनी संयुक्तानंदा सरस्वती ने शाल ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया।
मौके पर संजीव सिंह, राहुल रॉय, पंकज मिश्रा एवं एसएन झा ने दोनों शिक्षकों के साथ जुड़े अनुभव साझा करते हुए उनकी कार्यशैली और स्नेहिल स्वभाव को याद किया। अपने संबोधन में गोपाल चंद्र मुंशी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि चिन्मय विद्यालय ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया और हमेशा परिवार की तरह साथ दिया। वहीं हरिहर पांडेय ने एक प्रेरक कहानी के माध्यम से बताया कि कैसे विद्यालय ने उनके जीवन को दिशा दी और सहयोग प्रदान किया।
![]()













Leave a Reply