रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीते 12 जुलाई को बोकारो के एल.एच. कॉलोनी से भारी मात्रा में गांजा और शराब बरामद करने में सफलता पायी है। वहीं इस धंधे में लिप्त दो आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार बोकारो पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि बीएस सिटी थाना क्षेत्र के एल.एच. कॉलोनी से एक व्यक्ति भारी मात्रा में गांजा और शराब कार में लादकर बेचने के लिए निकल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया। छापामारी दल ने दुगल गेट के पास एक नेक्सोन कार क्रमांक-JH09AJ/6547 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से करीब 9 किलोग्राम गांजा और अवैध शराब की भारी खेप बरामद की गई। मौके से एलएच मोड़ सोनाटांड़ रहिवासी 41 वर्षीय अनिल यादव को गिरफ्तार किया गया।
पुलीसिया पूछताछ में आरोपी अनिल ने खुलासा किया कि गांजा मिथलेश यादव नामक व्यक्ति से प्राप्त हुआ था। उसकी निशानदेही पर चास थाना क्षेत्र के प्रभात कॉलोनी से हुलास यादव के 38 वर्षीय पुत्र मिथलेश यादव को गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात मिथलेश की सूचना पर पिंकु उर्फ टिंकु उर्फ सुनील महतो के किराए के मकान से 9 किलोग्राम अतिरिक्त गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार कुल जप्त सामानों में 18 किलोग्राम गांजा, किंगफिशर बीयर के 103 बोतल, आईकोनिक व्हाइट व्हिस्की के 50 बोतल, बिलियम लॉसन व्हिस्की के 6 बोतल, ब्लेंडर प्राइड व्हिस्की के 33 बोतल, नेक्सोन कार क्रमांक -JH09AJ/6547, दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन शामिल है।
एसपी अरबिंदर सिंह के अनुसार गिरफ्तार अनिल यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें कांड संख्या 57/24, 69/24 और 192/24 धारा 272/273/290 भादवि एवं 47A उत्पाद अधिनियम के तहत आरोपित है। छापामारी दल में थाना प्रभारी बीएस सिटी सुदामा कुमार दास, चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, पिंडराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन सहित कुल 16 पुलिसकर्मी शामिल थे। इस संबंध में बीएस सिटी थाना में कांड क्रमांक-142/25, धारा 20 बी(ii)/25, एनडीपीएस एवं 47 ए एक्साइज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
![]()













Leave a Reply