Advertisement

शराब कारोबारी हरेराम सिंह से रंगदारी मांगने व् फायरिंग मामले में शूटर समेत दो गिरफ्तार

प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के इशारे पर मांगी गई थी रंगदारी

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)। पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रंगदारी मामले में फायरिंग कांड को लेकर पुलिस ने बीते 27/28 अक्टूबर की मध्य रात्रि व् उसके बाद लगातार दो सफल कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने मुईयाडीह के कारोबारी हरेराम सिंह के घर पर फायरिंग करने वाले शूटर रवि महानंद उर्फ़ गोपला को सिदगोड़ा बारीडीह के के-2 एरिया में एक खाली क्वार्टर से गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शूटर वहीं छिपा है। जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने 29 अक्टूबर को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रंगदारी मांगे जाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते 27-28 अक्टूबर को रात करीब 1:30 बजे पुलिस टीम ने क्वार्टर पर दबिश दी, लेकिन अंदर से अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान रवि महानंद गोली लगने से घायल हो गया और मौके पर ही पकड़ लिया गया। उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल से लोडेड पिस्टल, गोली, खोखा, शराब की बोतल और अन्य सामान बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद 28 अक्टूबर की रात पुलिस को एक और गुप्त सूचना मिली कि इसी फायरिंग मामले के षड्यंत्रकारी आकाश सिंह उर्फ़ लालू न्यू सीतारामडेरा स्लैग रोड में देखा गया है। तत्काल छापेमारी की गई और लालू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी अकाश ने बताया कि वह और उसका साथी दशरथ शुक्ला पहले व्यापारी हरेराम सिंह के व्यवसाय में जुड़े थे और उन्हें मासिक वेतन भी मिलता था। शराब दुकान के ठेके के समय इन्हें आश्वासन दिया गया था कि काम इन्हें दिया जाएगा, लेकिन बाद में ठेका किसी अन्य को दे दिया गया। इसे लेकर दोनों ने बदला लेने के लिए कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा और दुबई में बैठे अपराधी प्रिंस खान के साथ मिलकर रंगदारी का षड्यंत्र रचा।

इनके संपर्क में रिया सिन्हा और बब्लू खान भी थे, जिनके माध्यम से हथियार और गोली रांची से मंगवाई गई।
इस मामले में पुलिस पहले ही बीते 23 अक्टूबर को दशरथ शुक्ला को तीन पिस्टल और गोली के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई से गिरोह के मनोबल पर असर पड़ा है। पुलिस के अनुसार शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *