छपरा के होली फैमिली स्कूल व् गुरुकुल मेहीया की घटना
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान सारण जिला मुख्यालय छपरा के होली फैमिली स्कूल गुरुकुल मेहीया परीक्षा केन्द्र में 6 फरवरी को एक फर्जी परीक्षार्थी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार फर्जी परीक्षार्थी की पहचान जिला के हद में बनियापुर थाना क्षेत्र के मझवलिया रहिवासी मंजीत कुमार के रूप में की गयी है, जबकि दूसरा गिरफ्तार आरोपी वास्तविक परीक्षार्थी बताया जा रहा है। जिसे परीक्षा केंद्र के बाहर से पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय छपरा से मिली जानकारी के अनुसार वीक्षक द्वारा प्रवेश पत्र के फोटो मिलान के क्रम में एक परीक्षार्थी पर संदेह हुआ। जांच के दौरान पाया गया कि परीक्षा में शामिल युवक फर्जी परीक्षार्थी है। उसकी पहचान मंजीत कुमार, पिता महावीर महतो, साकिन मझवलिया, थाना बनियापुर, जिला सारण के रूप में हुई। पूछताछ में फर्जी परीक्षार्थी ने बताया कि वास्तविक परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र के बाहर मौजूद है। पुलिस बल के सहयोग से बाहर मौजूद वास्तविक परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र के अंदर लाया गया।दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कहा गया कि वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा को कदाचार मुक्त संचालन के लिए सारण पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
सोनपुर में इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन 42 परीक्षार्थी अनुपस्थित
एक अन्य जानकारी के अनुसार सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल मुख्यालय के आधा दर्जन परीक्षा केन्द्रों पर दूसरे दिन की इंटरमीडिएट परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचार रहित संपन्न हुआ। दोनों ही पालियों में सम्पन्न परीक्षा में कुल 42 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कोई भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं किया गया और न किसी की गिरफ्तारी की सूचना है।
सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा द्वारा जारी खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार 6 फरवरी को प्रथम पाली में कुल 2650 परीक्षार्थियों में परीक्षा में 2631 परीक्षार्थी शामिल हुए। यानी परीक्षा से 19 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि दूसरी पाली में कुल 1966 परीक्षार्थियों में से 1943 ही परीक्षा देने पहुंचे। 23 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे एवं अनुपस्थित रहे। किसी भी परीक्षा केन्द्रों पर चहारदीवारी फांद कर प्रवेश नहीं किया गया है।
कहा गया कि आज शिशु संघ उच्चतर विद्यालय में प्रथम पाली में 428, द्वितीय पाली में 316, आरएसडी महिला कॉलेज में प्रथम पाली में 594 एवं द्वितीय पाली में 466, एसपीएस सेमिनरी में प्रथम पाली में 490 एवं द्वितीय पाली में 373, मैक्सवेल हाइस्कूल में प्रथम पाली में 530 एवं द्वितीय पाली में 285, गर्ल्स हाइस्कूल पहाड़ीचक में प्रथम पाली में 408 एवं द्वितीय पाली में 279, शिव दुलारी उच्च विद्यालय में प्रथम पाली में 181 एवं द्वितीय पाली में 224 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
ज्ञात हो कि 6 फरवरी को प्रथम पाली में गणित और फिलॉसफी विषय तथा दूसरी पाली में राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा थी। प्रथम पाली (सुबह 9:30 से दोपहर 12:45): विज्ञान (आई एससी) और वाणिज्य (आई कॉम) संकाय के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी (इंग्लिश) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। द्वितीय पाली (दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे), कला (आई ए) संकाय और वोकेशनल कोर्स के विद्यार्थियों के लिए हिंदी विषय की परीक्षा ली गयी है।
![]()













Leave a Reply