Advertisement

पर्यावरणविद पं. गौरी शंकर ओझा के स्मृति दिवस पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान के संस्थापक, पर्यावरणविद एवं पर्यावरण-मित्र ब्रह्मलीन पं. गौरी शंकर ओझा के स्मृति दिवस के अवसर पर 31 जनवरी को अपराह्न 3 बजे बोकारो के पर्यावरण-मित्र वाटिका के देववृक्ष कल्पतरु स्थल पर संस्थान द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पं. ओझा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसके उपरांत उपस्थित पर्यावरण प्रहरियों एवं गणमान्य अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षाविद् डॉ एस. के. शर्मा तथा आचार्य रामानंद, रामकिंकर पांडेय, ललन चौधरी, मृणाल चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिलेश ओझा ने की।ज्ञात हो कि पर्यावरण-मित्र पं. गौरी शंकर ओझा का संपूर्ण जीवन प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को समर्पित रहा। क्षेत्र में अंधाधुंध वृक्ष कटाई, नदियों में गंदे नालों के प्रवाह से हो रहे जल प्रदूषण तथा वायुमंडल में बढ़ते धूल-कणों से पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति ने उन्हें गहराई से व्यथित किया। इसी क्रम में उन्होंने वर्ष 1987 में समान विचारधारा वाले रहिवासियों के साथ मिलकर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान की स्थापना की और पर्यावरण संरक्षण हेतु जन-आंदोलन का सूत्रपात किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रविंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि संस्थान आज भी पं. ओझा द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए पर्यावरण सेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहा है।
विशिष्ट अतिथि डॉ एस. के. शर्मा ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण को बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। अध्यक्षीय संबोधन में अखिलेश ओझा ने कहा कि पं. ओझा द्वारा गठित यह संस्थान आज झारखंड सहित देश के कई राज्यों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है।

संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की। श्रद्धांजलि सभा में उपरोक्त के अलावा बबलू पांडेय, रमन ठाकुर, लक्ष्मण शर्मा, प्रो. गणेश कुमार सिंह, विजय गुप्ता, अनुराग मिश्र, वीरेंद्र चौबे, ललित प्रसाद, विजय त्रिपाठी, बिट्टू चौहान, विक्रम महतो, मनीष पांडेय, तुलसी जायसवाल, पप्पू चौबे, अजय चौबे, विष्णु शंकर मिश्र, संजय पांडेय, अभय गोलू, रोहित सिंह, मिथिलेश सिंह सहित अनेक पर्यावरण प्रहरी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *