प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के श्रीगोविंद स्नेहलता सरस्वती शिशु मंदिर खैराचातर में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वर्गीय जवाहर लाल जायसवाल की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, स्थानीय गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने दिवंगत शिक्षाविद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष तुलसी दास जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय जवाहरलाल जायसवाल ने शिक्षा को समाज निर्माण का सशक्त माध्यम माना। उनका जीवन शिक्षा, सेवा और संस्कारों को समर्पित रहा है। उन्होंने विद्यालय और समाज के उत्थान के लिए जो कार्य किए, वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।
विद्यालय के सचिव ज्ञानेश कुमार जायसवाल ने कहा कि दिवंगत जायसवाल का मानना था कि शिक्षा के साथ संस्कारों का होना आवश्यक है। उनके विचारों और प्रयासों से विद्यालय को एक मजबूत दिशा मिली है। आज हम सभी का कर्तव्य है कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज के हित में कार्य करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित तमाम गणमान्य जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा शांत, गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हो गया। मौके पर रानी देवी, शोभ देवी, ओम जयसवाल, राजेश कुमार जायसवाल, सावित्री देवी, पूनम देवी, रजनी प्रकाश पांडेय आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply