रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। श्रीकरणी सेना झारखंड एवं राष्ट्र भक्त समाज के संयुक्त तत्वावधान में 3 दिसंबर को बोकारो में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद खुदीराम बोस की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में करणी सेना के पदाधिकारी व् सदस्यगन उपस्थित थे।
कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीकरणी सेना के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्र भक्त समाज के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने किया। उन्होंने खुदीराम बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहीद खुदीराम बोस का जीवन और उनका बलिदान आज के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत की आज़ादी लाखों वीरों की कुर्बानियों का परिणाम है। इसलिए युवाओं को जाति, धर्म, क्षेत्र और भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद और एकता की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खुदीराम बोस के त्याग, साहस और राष्ट्रनिष्ठा को आत्मसात कर एक शक्तिशाली और समरस भारत के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम का संचालन युवा प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश महामंत्री गोपाल सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित जनों ने शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में गोपाल सिंह, सुजीत कुमार सिंह, उमेश कुमार, टुनटुन सिंह, संतोष राज सिंह, मृत्युंजय नाथ चौधरी, संतोष सिंह समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply