स्वतंत्रता सेनानी व् सबलपुर किसान आंदोलन के योद्धा थे स्व. सिंह-ब्रज किशोर शर्मा
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के बभनटोली स्थित शांति सदन में 26 मई को प्रसिद्ध क्रांतिकारी एवं किसान सत्याग्रही स्व.ब्रह्मदेव सिंह की 30वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा के मौके पर सोनपुर प्रखंड वाम समन्वय समिति के संयोजक ब्रज किशोर शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानी स्व.सिंह को सबलपुर किसान आंदोलन का प्रखर योद्धा, राष्ट्र हितैषी और किसान हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि दिवंगत महापंडित राहुल सांकृत्यायन और स्वामी सहजानंद सरस्वती के परम सहयोगियों में से एक थे।
वाम नेता शर्मा ने कहा कि स्व. ब्रह्मदेव सिंह किसान नेता सहजानंद सरस्वती, महापंडित राहुल सांकृत्यायन, किशोरी प्रसन्न सिंह, शिववचन सिंह एवं शहीद राम वृक्ष ब्रह्मचारी के निकट सहयोगी थे। आजादी की लड़ाई एवं सबलपुर किसान आंदोलन व अमवारी किसान आंदोलन में उन्होंने बढ़ -चढ़ कर भाग लिया था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1929 के 17 नवंबर को सोनपुर मेले में स्वामी सहजानंद ने बिहार राज्य किसान सभा की स्थापना की, जिसमें स्व. सिंह ने बढ़ -चढ़कर एक स्वयंसेवक के रुप में भाग लिया था।जिससे प्रेरणा पाकर अन्य जगहों पर किसानों को संगठित कर आंदोलनों को गतिशील किया गया।
बताया कि 27 अगस्त 1939 को पटना में सुभाषचंद्र बोस की सभा में कुछ छात्रनुमा उपद्रवियों ने हमला कर सभा को भंग कर दिया था। पुनः सहजानंद सरस्वती के आह्वान और उनकी लिखी पाती पर सबलपुर के किसान स्वयंसेवकों ने 29 अगस्त की सुभाष चंद्र बोस की सभा को सफल बनाने का उत्तरदायित्व अपने कंधे पर लिया। जिसका नेतृत्व शहीद रामवृक्ष ब्रह्मचारी एवं स्व.ब्रह्मदेव सिंह कर रहे थे।

सोनपुर अनुमंडल माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्व. ब्रह्मदेव सिंह ने जीवन में शुद्ध आचार विचार और अनुशासन को प्रश्रय दिया। पांडेय सनातन शर्मा ने कहा कि दिवंगत समरस समाज के प्रबल हितैषी थे। युग बोध के संस्थापक संयोजक अवध किशोर शर्मा ने कहा कि वे अंध विश्वासों के विरोधी थे, पर धार्मिक आस्था का पूरी तरह सम्मान करते थे।
मौके पर सर्वप्रथम ब्रज किशोर शर्मा, अवध किशोर शर्मा, सोनपुर अनुमंडल माध्यमिक शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव मुकेश कुमार शर्मा, पांडेय सनातन शर्मा, कुमार रौशन (टिंकू), हर्ष वर्धन, अक्षय सिंह, सूर्यांश शर्मा, सीता कुंअर, प्रभावती (जागेश्वरी) देवी, मनोरमा देवी, बीणा कुमारी, मालती देवी, प्रीति कुमारी, ब्यूटी कुमारी, हर्षिता कुमारी, श्रेया कुमारी, सांची सिंह, श्रुति कुमारी आदि ने स्व. सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की।
![]()













Leave a Reply