सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा क्षेत्र में 13 मई की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई।
जानकारी के अनुसार गुवा के गुरुद्वारा क्षेत्र में एक विशाल पेड़ रेलवे ट्रैक और ट्रैक्शन तार पर गिर गया, जिससे ट्रैक्शन तार टूट गया और रेल सेवा पूरी तरह से बाधित हो गई है। गुवा के स्टेशन मास्टर ने घटना की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दे दी है। सूचना मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक को बहाल करने में जुटी है।

ट्रैक पर पेड़ गिरने और ट्रैक्शन तार टूटने से गुवा होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों व मालगाड़ी की आवाजाही रोक दी गई है। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों ने जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त कर सेवा बहाल करने का आश्वासन दिया है। इस क्रम में आंधी पानी के कहर से गुवा बाजार क्षेत्र के ढीपासाई मोहल्ले में रहने वाले राजू शेख के घर पर आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे उक्त मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत रही कि घटना के समय उनकी बेटी घर में ही मौजूद थी, लेकिन वह किसी तरह बाल-बाल बच गई। स्थानीय रहिवासियों ने घटना के बाद मलबा हटाने में सहायता की। इस घटना की जानकारी गुवा वन विभाग पदाधिकारी को दे दी गई है। लगातार आंधी-तूफान की घटनाओं से गुवा क्षेत्र के रहिवासियों में दहशत का माहौल है। रहिवासियों ने प्रशासन से पेड़ों की छंटाई और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
![]()













Leave a Reply