Advertisement

यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा मासिक धर्म स्वच्छता पर प्रशिक्षण कार्यक्रम

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत के भवानीपुर में सहयोगिनी संस्था द्वारा 30 अक्टूबर को कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार सहयोगिनी द्वारा महिलाओं और किशोरियों के लिए यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा मासिक धर्म स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग की शारदा कुमारी ने प्रतिभागियों को प्रजनन स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व तथा मासिक धर्म स्वच्छता की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का पालन न करने से संक्रमण और कई स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती है। इसलिए सही जानकारी और जागरूकता आवश्यक है।
इस दौरान किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, संक्रमण से बचाव, स्वच्छता उत्पादों के उपयोग और प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित सामान्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने बेझिझक प्रश्न पूछे और अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान सहयोगिनी के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि संस्था द्वारा कसमार प्रखंड के हद में दुर्गापुर, बगदा, खैराचातर और टांगटोना पंचायतों के 19 गाँवों में किशोरी एवं युवा महिला समूह बनाकर उनकी नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन समूहों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।

सहयोगिनी की एनिमेटर संगीता देवी ने बताया कि संस्था बगदा पंचायत में किशोरी और महिला समूहों के साथ मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से किशोरियों के जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता को विकसित किया जा रहा है, ताकि वे हिंसा और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठा सकें और अपने अधिकारों के प्रति सजग बन सके। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। बाल विवाह के कारण लड़कियों को गर्भावस्था संबंधी जटिलताओं, शिक्षा और कौशल विकास से वंचित होना पड़ता है। इसलिए समाज में सभी को मिलकर इस कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलानी आवश्यक है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और किशोरियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कर उनके आत्मविश्वास में वृद्धि की है। मौके पर शारदा कुमारी, जयंती देवी, पूजा कुमारी, संगीता कुमारी, नीलम कुमारी, नीतू कुमारी, फ्रूटी कुमारी, रिया कुमारी, खुशबू कुमारी सहित दर्जनों महिलाएँ उपस्थित थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *