Advertisement

व्यापार संगठन ने सीएम सह गृहमंत्री को पत्र लिखकर की सुरक्षा की मांग

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। फेडरेशन ऑफ ऑल व्यापार संगठन ने झारखंड के मुख्यमंत्री एवं सह गृह मंत्री को व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स की सुरक्षा सुनिश्चित करवाते हुए राज्य की बिगड़ी विधि-व्यवस्था को संधारित करवाने हेतु पत्र लिखा है। झारखंड में कारोबारियों के साथ लगातार हो रही विभिन्न आपराधिक घटनाओं और उनकी हत्या पर गहरी चिंता व्यक्त की गयी है।

फेडरेशन ऑफ ऑल व्यापार संगठन के अध्यक्ष दीपेश निराला और महासचिव सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य के व्यापारी, उद्यमी एवं प्रोफेशनल की सुरक्षा सुनिश्चित करवाते हुए राज्य की बिगड़ी विधि-व्यवस्था को संधारित करवाने का आग्रह किया है।

फेडरेशन ऑफ ऑल व्यापार संगठन एक रजिस्टर्ड संगठन है और झारखंड में व्यापारियों, उद्यमियों एवं प्रोफेशनल्स के कल्याणार्थ काम कर रहा है। जिससे झारखंड के आर्थिक विकास को सहयोग मिले और झारखंड में व्यापार को विकसित और मजबूती प्रदान किया जा सके।

सीएम को प्रेषित पत्र में कहा गया है कि कारोबारियों को आये दिन धमकी मिलती है। रंगदारी देने के लिए उन्हें मजबूर किया जाता है। रंगदारी नहीं देने पर उनकी हत्याएं की जा रही है।

पत्र में उल्लेखित है कि विगत 6 महीने में झारखंड में 23 कारोबारियों की हत्या कर दी गई है, जिसमें 9 कारोबारियों ने तो पुलिस को इस बाबत अग्रिम सूचना देकर अपने प्राणों के रक्षा हेतु पुलिस सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाई। अंततः उन कारोबारियों की हत्या कर दी गई, जो काफी निंदनीय कृत्य है।

कहा गया कि ऐसे भय के माहौल में कैसे कोई सुगमता से व्यापार कर सकता है? व्यापारियों, उद्यमियों और प्रोफेशनल्स के साथ विभिन्न प्रकार के क्राइम घटित हो रहे हैं, जिसमें धमकी, रंगदारी, लूट, चोरी, डकैती, साइबर क्राइम, किडनैपिंग, आदि।

हत्या इत्यादि प्रमुख हैं। जिस पर तत्काल लगाम लगाने की मांग संगठन के अध्यक्ष दीपेश निराला, महासचिव सत्येंद्र प्रसाद सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद बेगवानी, श्वेता सांवडिया, पीयूष अग्रवाल, ऋषभ सिन्हा और सोनू कुमार ने की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *