अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला में एसआईआर के अंतिम दिन 27 जुलाई तक कुल 28 लाख 62 हजार 369 निर्वाचकों के एन्यूमरेशन फॉर्म अपलोड किए जा चुके हैं। इस दौरान 91 हजार 388 मतदाता मृत, एक लाख 11 हजार 406 शिफ्टेड और 26 हजार 793 मतदाताओं के नाम दोहरी प्रविष्टि में पाए गए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी (डीएम) सारण अमन समीर के अनुसार अंतिम दिन कुल 28 लाख 62 हजार 369 निर्वाचकों यानी 91.33 प्रतिशत निर्वाचकों के एन्यूमरेशन फॉर्म अपलोड किए जा चुके हैं। 8.67 प्रतिशत मतदाता एएसडी में मार्क किए गए हैं। अब केवल डाक्यूमेंटेशन का काम पूरा किया जाएगा। सभी पात्र के नाम निर्वाचक सूची में जोड़े जाने का ध्येय लगभग अपनी पूर्णता पर है।
बताया गया कि यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है कि सभी पात्र मतदाताओं को एक अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्रॉफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाए। जिला में सभी राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों द्वारा नियुक्त बीएलए, वालंटियर्स, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर सहित पूरी चुनाव मशीनरी ने कार्य को अंतिम रूप देने में पूरी तन्मयता लगायी है।
जानकारी के अनुसार जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर एसआईआर की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश देते हुए कागज़ीकरण का कार्य पूरा करने की हिदायत दी। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को एक अगस्त से चलने वाले दावा, आपत्ति की तैयारी करने का निर्देश दिया गया है। कार्य में हर स्टेप पर पारदर्शिता बरतने को कहा गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के एसआईआर आदेश के अनुसार एक अगस्त को प्रारूप निर्वाचक सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। साथ ही उसी दिन से एक सितंबर तक दावा आपत्ति किए जा सकेंगे। किसी भी निर्वाचक या किसी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल को एक अगस्त से एक सितंबर तक पूरे एक माह का समय मिलेगा, ताकि वे यदि कोई पात्र मतदाता बीएलओ/बीएलए द्वारा छूट गया हो तो उसका नाम जुड़वा सकें, या यदि कोई गलती से शामिल कर दिया गया हो तो उसका नाम हटवा सकें, या किसी अन्य प्रकार की त्रुटि में सुधार करा सके।
![]()













Leave a Reply