नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय में सतर्कता जागरूकता अभियान कार्यक्रम
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में गोमियां प्रखंड के स्वांग स्थित नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय में 27 अगस्त को सतर्कता जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार सेन्ट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) कथारा क्षेत्र द्वारा एक विशेष अभियान के तहत उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार के मार्गदर्शन एवं कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार के निर्देश से संचालित हो रहा है।
उक्त जानकारी देते हुए कथारा क्षेत्र के विभागाध्यक्ष सीएसआर चंदन कुमार ने बताया कि सतर्कता जागरूकता अभियान कार्यक्रम के तहत 27 अगस्त को नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय के कक्षा 10वीं के 80 छात्र-छात्राओं को सतर्कता और नैतिक मूल्यों की महत्ता पर जागरूक किया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी (सतर्कता जागरूकता अभियान)/ उप प्रबंधक (सामुदायिक विकास) चंदन कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में नैतिकता और सतर्कता का हमारे जीवन में बड़ा महत्व है। उन्होंने कहा कि सफल जीवन के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सच्चाई, ईमानदारी और नैतिकता का पालन करना भी अत्यंत आवश्यक है।
कहा कि सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य हमारे जीवन में सच्चाई और ईमानदारी के महत्व को समझाना और इस दिशा में छात्रों को प्रेरित करना है। हमारे व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में एक मजबूत नैतिक आधार हमें न केवल समाज में प्रतिष्ठा दिलाता है, बल्कि सफल और संतुलित जीवन जीने में भी मदद करता है।
इस अभियान के माध्यम से हम छात्रों को यह सिखाने का प्रयास कर रहे हैं, कि जीवन में छोटे-छोटे निर्णयों में भी नैतिकता का पालन कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नैतिकता और सतर्कता केवल बड़े व्यवसायों या सरकारी कामों में ही नहीं, बल्कि हमारे प्रतिदिन के कार्यों में भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नोडल अधिकारी चंदन कुमार ने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे हमेशा सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलें और अपने आस-पास के रहिवासियों को भी इस ओर प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सतर्कता कोई विशेष कार्य नहीं, बल्कि यह हमारी रोजमर्रा की आदतों और सोंच का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही कल के देश का भविष्य है।
यदि हम इन्हें नैतिक मूल्यों की शिक्षा देते हैं, तो हम निश्चित ही उज्जवल और सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तारामणि कच्छप ने सीसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कथारा क्षेत्र द्वारा शुरू किया गया यह अभियान वास्तव में प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में छात्रों को केवल शैक्षिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि नैतिकता और सच्चाई की शिक्षा भी आवश्यक है। कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को उनके व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में नैतिक मूल्यों का महत्व समझाने का प्रयास किया जा रहा है, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हम इस प्रयास के लिए सीसीएल का धन्यवाद करते हैं। साथ हीं भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों की अपेक्षा रखते हैं।
आयोजित सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी अपनी राय व्यक्त की और इसके महत्व पर अपने विचार साझा किए। छात्रों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उनके व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल छात्रों को नैतिकता और सतर्कता के महत्व से अवगत कराया गया, बल्कि उन्हें एक सशक्त और ईमानदार जीवन जीने के लिए प्रेरित भी किया गया। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में नैतिकता और सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।
129 total views, 1 views today