अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के अररिया और मुंगेर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों द्वारा पुलिस बल पर हमला व पुलिस कर्मियों की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि सारण जिला के हद में सोनपुर थाने के जैतियां में बीते 14 मार्च की शाम अपराधियों और असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई विनय कुमार, सिपाही पप्पू कुमार, ब्रजेश कुमार घायल हो गए। इस संबंध में पुलिस ने तीन हमलावर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जैतिया में दो पक्ष आपस में विवाद कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि पर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी बीच क्षेत्र के बहुचर्चित अपराधी मंटू गोप के समर्थकों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। जिसमें पुलिस बल के एक एएसआई एवं दो पुलिस के जवान घायल हो गए।
जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया। पुलिस का आरोप है कि घटनास्थल पर मंटू गोप ने अपने समर्थकों के साथ पुलिस बल पर हमला कर दिया। आरोप लगाया गया कि अपराधियों ने पुलिस की वर्दी भी फाड़ दिया तथा शस्त्र भी लूटने का प्रयास किया। इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ पदाधिकारियों को दी गई। उसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मंटू गोप, उसके भाई बबलू यादव एवं परवेजावाद रहिवासी एक सहयोगी मन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में एएसआई विनय कुमार के बयान पर एक दर्जन नामजद एवं एक दर्जन से अधिक अज्ञात के विरुद्ध सोनपुर थाना में मामला दर्ज किया गया है। बताते चले कि मंटू यादव ग्रुप द्वारा यह दुस्साहस कोई पहली बार नहीं की गयी है। इसके पहले भी मंटू गोप पर वर्ष 2022 में पुलिस पर हमला करने का आरोप था। बताते चलें कि सोनपुर में पुलिस पर हमला करने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी कई बार पुलिसकर्मियों पर बालू माफियाओं और शराब माफियाओं का हमला हो चुका है। इन हमलों से उनके दुःसाहस का पता चलता है। हमलों से बार -बार पुलिस को चुनौती और नसीहत दी जाती है कि मेरे खिलाफ किए गए कार्रवाई का अंजाम ठीक नहीं होगा।
बताया जाता है कि सोनपुर के आनंदपुर, खड़ियाडीह, सबलपुर दियारा, परवेजावाद मठ के समीप, सोनपुर के डोमवा घाट सहित कई अन्य जगहों पर बालू माफिया, शराब माफिया और असामाजिक तत्वों ने कई बार पुलिस के साथ बदसलूकी की। सोनपुर थानाध्यक्ष राजनंदन ने बताया कि पुलिस पर हमला मामले में कुख्यात मंटू गोप तथा उसके भाई बबलू गोप एवं उसका गुर्गा मुन्नु यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीते 15 मार्च को उक्त तीनों को जेल भेज दिया गया। मालूम हो कि इसके पहले भी एक अपहरण मामले में छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर मंटू गोप तथा उसके गुर्गे हमला कर चुके हैं।
28 total views, 28 views today