सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में किरीबुरु-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर 20 मई को एक भीषण सड़क हादसा घटित हो गया। जिसमें दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
बताया जाता है कि यह दुर्घटना किरीबुरु-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर वायरलेस ढलान के समीप स्थित वन विभाग के वॉच टावर के समीप हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो युवक और एक युवती शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं और अचानक मोड़ पर एक-दूसरे से टकरा गई। टक्कर के बाद आसपास के स्थानीय रहिवासी मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से हटाकर प्राथमिक सहायता देने का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में से एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक और युवती ओडिशा के क्योंझर जिला के हद में बोलानी बस्ती के रहिवासी बताए जा रहे हैं।
किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार व पुलिसकर्मी घायलों को सेल के किरीबुरु-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल पहुंचा दिया है, जहाँ उन्हें प्राथमिक इलाज किया गया। पुलिस द्वारा उक्त हादसे की जांच की जा रही है। फिलहाल टक्कर के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन तेज रफ्तार और सड़क पर सतर्कता की कमी को प्राथमिक वजह माना जा रहा है।
स्थानीय रहिवासी इस सड़क पर स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक संकेतकों की मांग कर रहे हैं, क्योंकि यह मार्ग आए दिन हादसों का गवाह बनता जा रहा है।
![]()













Leave a Reply