Advertisement

व्यवहार न्यायालय बोकारो को ई-मेल से बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप

ई-मेल में चौदह साइनाइड बम लगाने का दावा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। ई-मेल के माध्यम से व्यवहार न्यायालय बोकारो को 9 मार्च को साइनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी भरा मेल न्यायालय के रजिस्ट्रार के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर अहले सुबह लगभग 3:54 बजे भेजा गया।

जानकारी के अनुसार भेजे गये ई मेल में दावा किया गया कि न्यायालय परिसर में 14 साइनाइड बम लगाए गए हैं और दोपहर एक बजे से पहले पूरे परिसर को खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है। मामले की जानकारी सुबह लगभग 9 बजे न्यायिक पदाधिकारी के माध्यम से पुलिस प्रशासन को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर को तुरंत खाली करा दिया गया और पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनावश्यक आवाजाही को रोका जा सके।

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल सौरभ विश्वास नामक व्यक्ति के नाम से भेजा गया है। मेल में आईएसआई और तमिलनाडु का भी जिक्र किया गया है। हालांकि फिलहाल किसी तरह का स्पष्ट लिंक सामने नहीं आया है। एसपी के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर जिला पुलिस, बम निरोधक दस्ते और प्रशिक्षित जवानों द्वारा पूरे न्यायालय परिसर की सघन जांच की जा रही है। रांची से जगुआर की विशेष स्क्वाड टीम को भी बुलाया गया है, जबकि रांची एटीएस के एसपी को भी पूरे मामले की सूचना दे दी गई है।
पुलिस फिलहाल ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच कर रही है और मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *