Advertisement

जेल से बेल पर रिहा हुए हेमंत सोरेन, समर्थकों में ख़ुशी का माहौल

प्रहरी संवाददाता/रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रांची के बिरसा मुंडा जेल से रिहा हुए। इस दौरान उनकी आगवानी के लिए पत्नी समर्थकों के साथ मौजूद थीं।

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम के नेता हेमंत सोरेन शुक्रवार (28 जून) को रांची के बिरसा मुंडा जेल से रिहा हो गए। उन्हें आज ही झारखंड हाई कोर्ट ने जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जमानत दी है। उन्हें ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था।

खबर के मुताबिक बिरसा मुंडा जेल से रिहा होने के बाद हेमंत सोरेन अपने आवास पर गए हैं। इस दौरान सैकड़ों गाड़ियों का काफिला उनकी गाड़ी के साथ था। सीएम के साथ गाड़ी में पत्नी कल्पना सोरेन भी साथ थीं। जेल से निकलते ही हेमंत सोरेन ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे, जो जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

हेमंत सोरेन ने क्या कहा?

इसके बाद हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे ऊपर झूठे आरोप लगाकर जेल में बंद किया गया था। मौजूदा सरकार द्वारा लोगों की आवाज को कुचलने का काम कर रही है। न्यायालय ने अपना न्याय सुनाया है, उनकी वजह से ही मैं आज बाहर आया हूं।

आगवानी के लिए जब कल्पना सोरेन जेल पहुचीं तो उन्होंने कहा कि बहुत दिनों बाद ये दिन आया है। मैं सभी को धन्यवाद करती हूं। हाई कोर्ट से हेमंत सोरेन को जमानत देने का आदेश आने के बाद जेएमएम और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने आपस में मिठाई बांटे।

जमानत की शर्तें

जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की एकल पीठ ने आज रिहाई का आदेश देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता को 50,000 रुपये के जमानत मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत प्रस्तुत करने पर जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया जाता है।

सोरेन के वकील अरुणाभ चौधरी ने कहा कि हेमंत सोरेन को जमानत दे दी गई है। अदालत ने कहा है कि प्रथम दृष्टया, वह दोषी नहीं हैं और जमानत पर रिहाई के दौरान याचिकाकर्ता की तरफ से कोई अपराध किए जाने की कोई आशंका नहीं है।

Tegs: #There-is-joy-among-the-supporters-of-hemant-soren-who-was-released-from-jail-on-bail

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *