एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में संपूर्ण बेरमो कोयलांचल में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर आपसी भाईचारगी का त्यौहार होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। इस अवसर पर रंगोत्सव होली का उमंग चहुंओर छाया रहा। छोटे-बड़े, बच्चे-बूढ़े, अधिकारी से लेकर कर्मचारी और मंत्री से लेकर संतरी, हर खासो-आम होली की मस्ती में मतंग हो झूमते रहे।
इस अवसर पर जगह-जगह बाजे-गाजे के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। युवाओं व बच्चों में खासा उत्साह रहा, तो बुजुर्ग भी होली खेलने में पीछे नहीं रहे। सूबे के मंत्री योगेंद्र महतो के पेटरवार स्थित कार्यालय सह आवास सहित गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय के फुसरो स्थित आवासीय कार्यालय, बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह के ढोरी स्टाफ क्वाटर स्थित आवास पर खूब होली जमी। वहीं सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम, बीएंडके जीएम व कथारा जीएम के आवास और फुसरो के शास्त्रीनगर स्थित सेल टेक्स के मनोज कुमार सिंह के आवासीय कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
ज्ञात हो कि इस बार बीते 4 मार्च बुधवार के दिन होली पड़ने के कारण मुर्गा, मीट दुकान में काफी भीड़ रही। वहीं सरकारी शराब दुकान बंद रहने का लाभ अवैध शराब दुकानदारों ने खूब उठाया। होली के दौरान कहीं कोई बड़ी घटना नहीं हो, इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह जवान की तैनाती कर रखी थी। साथ ही पेट्रोलिंग भी जारी रही। वहीं, होली के एक दिन पूर्व जगह-जगह पर फ्लैग मार्च भी किया गया था।
![]()













Leave a Reply