एस. पी. सक्सेना/बोकारो। खुद को सिद्ध तांत्रिक बताकर एक तथाकथित तांत्रिक द्वारा बुने गए जाल में फंसकर आज एक परिवार तड़प रहा है और खुद को बचाने की जुगत में है। बावजूद इसके कथित तांत्रिक उल्टे पीड़ित परिवार को मुकदमे बाजी में फंसा कर परेशान करने में लगा है। लोक लाज के कारण पीड़ित परिवार भयवश प्रशासन के संरक्षण में जाने से कतरा रहा है। यह हम नहीं बल्कि खुद पीड़ित परिवार का कहना है।
बोकारो जिला के हद में चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के कारीपानी के एक अविवाहित युवती ने बताया कि वर्ष 2024 जनवरी माह में उसके पिता एक तांत्रिक को लेकर घर आए तथा सिद्ध तांत्रिक बताकर झाड़ फूंक कराया। इस दौरान तांत्रिक द्वारा उसके घर में हवन भी किया गया। पीड़िता के अनुसार कुछ दिनों पश्चात पुण: तांत्रिक उसके घर आया तथा रानी (काल्पनिक नाम) पर भूत प्रेत का प्रभाव बताकर उसके पिता से सहमति लेकर झाड़-फुक करने के नाम पर उसे जबरन अपने साथ कुरपनिया ले गया। इसके बाद से उसके साथ प्रताड़ना का दौड़ शुरू हो गया।
पीड़िता रानी ने बताया कि कथित तांत्रिक झाड़ फूंक के नाम पर पानी में काला सा तरल पदार्थ आदि पीने को देता था। इंकार करने पर उसे जबरन पानी पिलाया जाता था। उक्त पानी को पीने के बाद उसे होश नहीं रहता था। ऐसा क्रम आए दिन चलता रहा। होश में आने पर जब वह अपने घर जाने की जिद करती थी, तो कथित तांत्रिक उसके साथ मारपीट तथा गाली गलौज करता था और घर के एक कमरे में उसे बंद कर देता था। पुनः उसके साथ प्रताड़ना का दौड़ शुरू हो जाता था।
पीड़िता ने बताया कि इस बीच उसे धमकी देकर कथित तांत्रिक ने उसके घर लेकर कर गया, लेकिन उसे अकेला नहीं छोड़ा। जिसके कारण वह अपनी व्यथा परिवार जनों को नहीं बता सकी। कहा कि उसे जब भी कहीं ले जाया जाता था तो तांत्रिक तथा उसके उसके परिवार का कोई न कोई सदस्य उसके साथ रहता था, जिसके कारण उसे बच निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझता था।
पीड़िता ने बताया कि इस बीच एक बार जब उसे होश आया तब वह वहां से भाग निकली, लेकिन बाहर अंधेरा होने के कारण वह एक पुलिया तक जाकर पुनः वापस लौट गयी और तांत्रिक से घर पहुंचाने की आरजू मिन्नत करने लगी, लेकिन तांत्रिक पर उसकी मिन्नतो का कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इस दौरान दिसंबर माह में मौका पाकर किसी प्रकार वह फटे कपड़े में ही अपने कारीपानी स्थित अपने घर पहुंची, लेकिन अभी भी उसे कुछ बोलने की हिम्मत नहीं हो रही है। उसे काफी कमजोरी महसूस हो रही है।
वहीं पीड़िता के पिता ने बताया कि फुसरो बाजार के उसके एक पहचान वाले ने तांत्रिक से मिलवाया था। तब वह अपनी पुत्री की शादी को लेकर परेशान था। बताया कि उसकी पुत्री विवाह करने को राजी नहीं थी। उसने बताया कि उसे उक्त तांत्रिक को सिद्ध पुरुष बताकर कहा गया कि तुम्हारे घर या परिवार के सदस्य पर किसी छाया के प्रभाव को तांत्रिक अनुष्ठान कर समाप्त कर देगा। वह उक्त व्यक्ति तथा तांत्रिक के चिकनी चुपड़ी बातो में आकर जब व्यथा बताई उसके बाद तांत्रिक उसके घर आकर अनुष्ठान किया। इस दौरान तांत्रिक ने उससे कहा कि अनुष्ठान कई दौर में होगा, इसलिए पुत्री को उसके साथ उसके घर कुरपनिया जाने दे। जिसके कारण पुत्री की भले जानकर वह तांत्रिक के साथ जाने दिया।
उसने बताया कि जब बेटी वहां से भागकर आ गयी, उसके बाद पहले तो उक्त तांत्रिक मेरे घर आकर जबरन उसे ले जाने का प्रयास किया, विरोध करने पर तांत्रिक ने पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी, जिससे वह काफी भय ग्रस्त है तथा लोक लाज से किसी से इस मामले में मदद भी नहीं ले पा रहा है। उसने बताया कि जब उसकी पुत्री कुरपनिया स्थित तांत्रिक के घर पर थी तो अनुष्ठान के नाम पर होने वाले खर्च के नाम पर तांत्रिक ने उससे कई बार पैसा लिया, जो लाखों में है। साथ हीं चार पहिया गाड़ी लिया जिसमें उसे गारंटर बना दिया। अब उक्त तांत्रिक द्वारा पुत्री पर गलत रूप से चोरी का आरोप लगाया जा रहा है।
वही कथित तांत्रिक का कहना है कि यह उसका व्यक्तिगत मामला है। उसे केवल इतना ही कहना है कि जिस पर उसने विश्वास किया उसने ही उसे धोखा दिया। तांत्रिक ने इस मामले में कुछ भी कहने से साफ इंकार कर दिया। ज्ञात हो कि उक्त तांत्रिक ने बेरमो के एक श्मशान के समीप तंत्र साधना के नाम पर एक कुटिया बना ली है तथा अपने उच्च प्रभाव की बात कह किसी भी स्थिति से चुटकी बजाते समाप्त करने की बात कहता है।
![]()













Leave a Reply