Advertisement

चोरी की कोशिश में रंगे हाथ पकड़ा गया युवक को पुलिस ने पागल बताकर छोड़ा

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में बीते 3 जुलाई की देर रात घर में चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को स्थानीय रहिवासियों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे पागल करार देते हुए थाना से हीं छोड़ दिया, इससे पीड़ित पक्ष में आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान हड़मिता रहिवासी मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है, जो अपने दो-तीन साथियों के साथ चोरी की कोशिश कर रहा था। घटना के संबंध में रघुनाथपुर रहिवासी अधिवक्ता स्वरूप कुमार सहाय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध उनके घर की रेकी कर रहे थे। बीते 3 जुलाई की देर रात आरिफ उनके घर में चोरी का प्रयास कर रहा था, जिसे ग्रामीणों की मदद से न्यू बस स्टैंड से पकड़ा गया और पेटरवार थाना को सौंप दिया गया। भुक्तभोगी सहाय ने पुलिस को दिए आवेदन में मांग की है कि आरोपी आरिफ और उसके अन्य साथी, जो घटना में शामिल हैं, उनकी पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाए, ताकि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।

बताया जाता है कि, इस मामले में पेटरवार पुलिस ने आरोपी आरिफ को पागल करार देते हुए उसे छोड़ दिया। इस संबंध में पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा ने बताया कि आरोपी को पुर्व में रांची के कांके स्थित पागलखाना दो बार परिजनों द्वारा ले जाया गया, बावजूद इसके अस्पताल में उसे नहीं रखा गया, जिसके कारण वह क्षेत्र में भटकता रहता है। इसी क्रम में उसे रहिवासी चोर समझ बैठते है। थाना प्रभारी मुंडा ने बताया कि उसके साथ दो अन्य संदिग्धो की जानकारी लेने पर पता चला है कि उसमें एक वर्तमान में कोलकाता तथा एक गांव में रहता है।

हैरानी की बात यह कि आरोपी आरिफ को इससे पहले भी साइकिल चोरी में रंगे हाथ पकड़कर थाना को सौंपा गया था, जिसका वीडियो भी लिया गया था। इसके बावजूद उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। जिसके कारण चोरों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। आखिर छुड़ाने में इसके पीछे किसका हाथ है।‌ पूछती है क्षेत्र की जनता।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *