रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड सभागार में पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित पंचायतों के सहजकर्ताओं को दिए जा रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण का दूसरा दिन बच्चों और महिलाओं पर केंद्रित रहा।
प्रशिक्षण दे रहे चांदना मिश्रा एवं सुप्रतीक बर्मन ने सहजकर्ताओं को बताया कि समाज को सही गति और दिशा देने के लिए बच्चों और महिलाओं के प्रति विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। बच्चे जहां समाज और देश के भावी कर्णधार हैं, वहीं महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। बच्चे और महिलाएं जितने कुशल और सशक्त होंगे, समाज उतना ही सशक्त बनेगा।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन 10 जनवरी को सहजकर्ताओं को बाल और महिला सभा किए जाने तथा उसके संचालन एवं उद्देश्य को लेकर दिशा निर्देश दी गई। इसके अलावे ग्राम पंचायत कार्ययोजनाओं पर विभिन्न पहलुओं को बताते हुए प्रशिक्षकों द्वारा दिशा निर्देश दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षण के बीच बीच में कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी नम्रता जोशी मॉनिटरिंग करती दिखीं।
प्रशिक्षण शिविर में सोनपुरा, दांतू , पोंडा, कसमार, गर्री, मंजूरा, बरइकला एवं मधुकरपुर पंचायत के सहजकर्ता दलों के अलावे प्रखंड समन्वयक सुबोध कुमार प्रजापति, बीपीआरओ भुनेश्वर तुरी इत्यादि अन्य कर्मी उपस्थित थे।
मइयां सम्मान योजना का पैसा निकालने वाले फर्जी लाभुक पर एफआईआर दर्ज
एक अन्य जानकारी के अनुसार कसमार प्रखंड के हद में मंजूरा रहिवासी सीएससी संचालक आनंद कुमार प्रजापति द्वारा मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना का पैसा फर्जी तरीके से निकालने के आरोप में कसमार थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है। जैसा कि मालूम हो यह फर्जीवाड़ा संज्ञान में आने के बाद बोकारो जिला उपायुक्त ने कसमार के प्रखंड विकास पदाधिकारी को इसके जांच और कार्रवाई के आदेश दिए थे। जिसके आलोक में बीडीओ के निर्देश पर कार्रवाई की गई है।
कसमार थाना प्रभारी भजनलाल महतो एवं सहयोगी राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 9 जनवरी को देर शाम मंजूरा के पंचायत सचिव गीता कुमारी के आवेदन पर फर्जी तरीके से मइयां सम्मान की राशि निकालने वाले आनंद कुमार प्रजापति पर एफआईआर दर्ज किया गया है। थाना के राकेश कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद अब जांच के बाद फर्जीवाड़े के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। वहीं मइयां सम्मान योजना का लाभ पानेवाले और भी फर्जी लाभुकों का पता चल रहा है, जिसकी जांच चल रही है। इधर बीडीओ ने वैसे लाभुकों को सख्त चेतावनी देकर पैसा व आईडी सरेंडर करने की हिदायत दी हैं, जो फर्जी तरीके से लाभुक बने हैं।
![]()













Leave a Reply