नगर पंचायत पूर्व अध्यक्ष की 21वीं पुण्यतिथि पर शिक्षा व् संस्कार विषय पर गोष्ठी
प्रहरी संवाददाता/सारण (बिहार)। वही शिक्षा सार्थक और कल्याणकारी है जो व्यक्ति में अच्छे संस्कार का सृजन करे। उक्त विचार सारण जिला के हद में सोनपुर नगर पंचायत परिसर में दिवंगत सुनील कुमार सिंह स्मृति संस्थान की ओर से उनकी 21वीं पुण्यतिथि पर 3 मार्च को आयोजित शिक्षा और संस्कार विषयक विचार गोष्ठी में व्यक्त किए गए।
श्रद्धांजलि सभा सह विचार गोष्ठी की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार सुरेन्द्र मानपुरी ने किया, जबकि संचालन हरिहरक्षेत्र जनजागरण मंच के अमरनाथ तिवारी कर रहे थे। समारोह के मुख्य अतिथि सारण जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने स्व. सुनील कुमार सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए शिक्षा और संस्कार विषयक विचार गोष्ठी में कहा कि आज की शिक्षा बिल्कुल सत्ता द्वारा नियंत्रित है।
यह स्थिति देश की आजादी के समय से चली आ रही है, जिसके कारण शिक्षा में नैतिक शिक्षा संस्कार का अभाव झलकता है। उन्होंने कहा कि केवल व्यवस्था को इसके लिए दोषी करार देना ठीक नहीं। परिवार और इसके लिए माता पिता भी जिम्मेवार हैं। कहा कि आज की तुलना में आजादी के पहले की शिक्षा में संस्कार का बोध होता था, जो अब दिखाई नहीं पड़ता।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उपेन्द्र सिंह ने शिक्षा और संस्कार विषयक परिचर्चा को संबोधित करते हुए कहा कि बिना संस्कार के शिक्षा का कोई महत्व नहीं है। युवा भाजपा नेता डॉ पंकज कुमार सिंह ने शिक्षा के लिए संस्कार को महत्वपूर्ण मानते हुए कहा कि पढ़ना लिखना जरुरी है, लेकिन सबसे ज्यादा जरुरी है पढ़ लिखकर ऐसा प्रोफेशन चुने जिससे अधिक से अधिक आपको अपने माता पिता के पास रहने और उनकी सेवा करने का अवसर मिल सके।
गीतकार सीताराम सिंह ने अपने काव्य पाठ के माध्यम से स्व. सुनील सिंह को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे उदार थे और उदारता भी एक संस्कार है। उन्होंने आज की मैकाले शिक्षा पद्धति पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि आज की शिक्षा पद्धति से संस्कार का निर्माण संभव नहीं है।
सोनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय साह ने कहा कि अगले वर्ष से इस कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत से हो, इसके लिए इसे उससे जोड़ने का प्रयास किया जायेगा।कवि ताड़क नाथ सिंह ने अपने लघु काव्य पाठ से श्रद्धांजलि अर्पित की। बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट व कोषाध्यक्ष निर्भय कुमार, महेंद्र सिंह अनामिका ग्रुप, शंकर सिंह, ध्रुवदेव शर्मा, आर्य समाज के प्रधान सर्वानंद सिंह, अधिवक्ता विश्वनाथ सिंह, कुमार ध्रुव सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा प्रसाद, सत्यनारायण सिंह, भाजपा नेता धनंजय सिंह, मानवेन्द्र सिंह सोनू, सांसद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह, कृष्णकांत सिंह, नारायणी विद्या दान के प्राचार्य आलोक कुमार, अधिवक्ता राहुल सोलंकी, प्रेमचंद सिंह आदि ने संबोधित किया।
गोष्ठी में हरिहरनाथ मंदिर न्यास के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला, अधिवक्ता अभय कुमार सिंह, विपिन कुमार सिंह, संजीत कुमार, साक्षी कुमारी, विनय कुमार सिंह, रमाकांत सिंह, श्याम किशोर शर्मा, सुनील यादव आदि उपस्थित थे।
78 total views, 78 views today