Advertisement

जनसमूह ने दी मंत्री के अनुज को श्रद्धांजलि, शोकाकुल माहौल में पुत्र आदित्य ने दी मुखाग्नि

मंत्री योगेंद्र प्रसाद के अनुज भरत कपूर का दामोदर नदी तट पर किया गया अंतिम संस्कार

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। राज्य सरकार में मंत्री योगेंद्र प्रसाद के छोटे भाई (अनुज) भरत कपूर का बीते 2 जुलाई को निधन हो गया। अंतिम संस्कार 3 जुलाई की सुबह बोकारो व् रामगढ़ जिला के सीमा क्षेत्र के बोरोबिंग स्थित दामोदर नदी तट पर शोकाकुल माहौल में किया गया।

जानकारी के अनुसार सुबह 8 बजे मंत्री आवास मुरुबंदा से अंतिम यात्रा निकली, जिसमें हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, शुभचिंतक, पारिवारिक सदस्य और आमजन शामिल हुए। अंतिम यात्रा में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, उनके मंझले भाई चित्रगुप्त महतो, बड़े पुत्र विनय कपूर सहित कई परिजनों ने कंधा दिया। दिवंगत भरत कपूर को उनके पुत्र आदित्य कपूर ने मुखाग्नि दी।

इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री फागू बेसरा, गिरिडीह सांसद, विधायक रोशनलाल चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता, अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की और मंत्री व् उनके परिजनों को इस कठिन समय में सांत्वना दी।

मौके पर बोकारो जिला परिषद उपाध्यक्ष, कसमार प्रखंड प्रमुख, झामुमो के बोकारो और रामगढ़ जिला स्तरीय पदाधिकारी, गोमिया विधानसभा क्षेत्र और रामगढ़ जिले से हजारों गणमान्य अंतिम यात्रा में शामिल हुए। गौरतलब है कि भरत कपूर का बीते 2 जुलाई की सुबह हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। वे पिछले 9 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *