Advertisement

निर्वाचकों को किसी भी परेशानी से बचाना जिला प्रशासन का उद्देश्य-डीएम

डीएम ने किया दावा-आपत्ति के लिए विशेष कैंप का उद्घाटन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। निर्वाचकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए जिला प्रशासन उनके साथ है। उक्त बातें 2 अगस्त को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी (डीएम) सारण अमन समीर ने जिला मुख्यालय छपरा नगर निगम में दावा आपत्ति के लिए बनाए गए विशेष कैंप का उद्घाटन करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत बीते एक अगस्त को ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के साथ ही दावा-आपत्ति की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। आगामी एक सितंबर तक पूरे एक माह कोई भी निर्वाचक नाम जोड़ने, सुधारने, स्थानांतरित करने या विलोपित करने के लिए आवेदन कर सकता है। यह कार्य बीएलओ के माध्यम से या स्वयं ऑनलाईन किया जा सकता है।

डीएम समीर ने बताया कि दावा-आपत्ति के लिए किसी को कोई परेशानी न हो। बीएलओ को ढूंढने या अन्य जानकारी के लिए इधर उधर भटकाना नहीं पड़े। इसके लिए जिला प्रशासन ने नगर निगम समेत सभी जिले के 10 शहरी निकाय और 20 प्रखंड कार्यालयों में विशेष कैंप लगाया है। कैंप में वन-स्टॉप सेंटर के तर्ज पर सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। यहां ड्राफ्ट सूची में नाम जांचने, ऑनलाईन दावा-आपत्ति करने का तरीका सीखने या ऑफलाइन फॉर्म प्राप्त करने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।

नए वोटर को डीएम ने समझाया तरीका

नगर निगम छपरा में कैंप के उद्घाटन के साथ ही शहर के नारायण चौक रहिवासी रंजीत कुमार की पुत्री राशि रानी निर्वाचक बनने की जानकारी लेने पहुंची। डीएम ने एक कुशल काउंसेलर की भूमिका निभाते हुए उन्हें बताया कि आपको नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। उसके साथ आयु और निवास से संबंधित साक्ष्य के साथ कुल 11 दस्तावेज में से कोई एक और घोषणा पत्र भरना होगा।

मौके पर मौजूद कैंप के प्रतिनियुक्त कर्मियों को उन्होंने पूछे जाने वाले संभावित सवाल और उनके उत्तर को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, एसडीएम नितेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवीन्द्र कुमार, उप नगर आयुक्त सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *